बरेली: खर्च कर दिए 1 करोड़... सड़कों में गड्ढे बरकरार
बरेली, अमृत विचार। बारिश ने जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की पोल खोल दी है, जबकि लोक निर्माण विभाग के अफसर 1 करोड़ से अधिक रुपये खर्च कर जिले की 90 फीसदी सड़कें गड्ढामक्त करने का दावा कर रहे हैं। हकीकत ये है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों में गहरे गड्ढे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान चलाया गया था। अफसरों ने सभी सड़कें चकाचक दिखाकर रिपोर्ट भेज दी, लेकिन कई प्रमुख सड़कों की हालत खस्ता है। गड्ढों में पानी भरा है। आवाजाही में लोगों को दिक्कत हो रही है। बुजुर्ग और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
यह सड़कें लंबे समय से हैं खराब
शहर में लोक निर्माण विभाग की चौपुला पुल के नीचे सड़क बदहाल है। फरीदपुर-बुखारा, भोजीपुरा-अगरास मार्ग, गांव दौलतपुर करैना को जानी वाला मुख्य मार्ग, शहर से सटी ग्राम पंचायत डोहरा में शामिल सनराइज कॉलोनी को जाने का रास्ता, बहेड़ी के कनमन, शेरगढ़ में कई मार्गों की यही स्थिति है।
ज्यादातर सड़कें गड्ढा मुक्त की जा चुकी हैं। कुछ सड़क प्रस्तावित हैं। जहां बारिश के चलते काम शुरू नहीं हो सका है। सावन माह के बाद भोजीपुरा-अगरास मार्ग समेत कुछ सड़कों का काम शुरू हो जाएगा।-नारायण सिंह, एक्सईएन प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग
ये भी पढे़ं- बरेली: कुतुबखाना पुल ने जिला अस्पताल में घटाए 25 फीसदी मरीज
