Unnao News : फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव, छह माह पूर्व हुई थी शादी, मायके पक्ष ने हत्या के आरोप लगाए
उन्नाव में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव।
उन्नाव में संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से नवविवाहिता का शव लटका मिला। खेत से लौटने पर ससुरालियों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव के माखी थानांतर्गत गांव मझखोरिया के मजरा ढोहा में नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में कमरे में पंखे से लटका मिला। देररात ससुराली जन जब खेत से लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के देवीखेड़ा गांव निवासी सीमा का विवाह छह माह पूर्व माखी थानाक्षेत्र के गांव मझखोरिया के मजरा ढोहा निवासी ललित राजपूत से हुआ था। सोमवार रात संदिग्ध परिस्थिति में सीमा का शव पंखे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे सीमा के परिजनों ने ससुरालियों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
वहीं ललित ने बताया कि सोमवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। इसके बाद वह परिजनों के साथ खेत चला गया। देररात घर लौटने पर उसे घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसओ वीरबहादुर सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति ललित राजपूत, ससुर करन, देवर, ननद और गांव के लाला सहित छह लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
