UP: शिवम… आवाज देकर बुलाया और गर्दन में सटाकर मारी गोली, दो बाइक से आए पांच हमलावरों ने स्नातक छात्र की नृशंस हत्या
इटावा में स्नातक छात्र की गोली मारकर हत्या।
इटावा में दो बाइक पर सवार होकर आए पांच हमलावरों ने स्नातक छात्र की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
इटावा, अमृत विचार। फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके के नवीन मंडी के पास होटल से खाना खाकर अपने दोस्त के साथ जा रहे आढ़ती के स्नातक पुत्र की दो बाइक पर सवार पांच हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियों से भून डाला। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल के पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। पुलिस आशनाई में हत्या की आशंका जता रही है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की तलाश में टीमों को लगा दिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
हिददपुरा चौबिया हाल पता गोरापुरा निवासी 23 वर्षीय छात्र शिवम यादव पुत्र रामनरेश सोमवार की रात 11 बजे के आसपास गोली मारकर हत्या कर हमलावर फरार हो गए। छात्र की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। उधर, सूचना पाकर पहुंची थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
एसएसपी व एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत क्राइम ब्रांच व फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच पड़ताल। चश्मदीद के बताए अनुसार 2 बाइकों पर सवार होकर आए थे 5 हमलावर, शिवम को आवाज देकर बुलाया फिर मारी गोली। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी लड़की का है, मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
