मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- विपक्ष के 26 दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन से बेचैन है भाजपा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने संस्थाओं का दुरुपयोग किया है और अगले आम चुनाव में उसे हार निश्चित नजर आ रही है इस लिए भाजपा अध्यक्ष धक्का मार कर बाहर किये गये पुराने साथियों को फिर से जोड़ने की कवायद में जुटे हुए हैं।

खड़गे ने कहा कि विपक्ष के 26 राजनीतिक दल बेंगलुरु में भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को सत्ता से बाहर करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के बैनर तले एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प ले चुके हैं जिससे डर कर भाजपा नेतृत्व की बेचैनी बढ़ गई है। 

खड़गे ने ट्वीट किया,मुझे खुशी है कि बेंगलुरु में 26 पार्टियां एकजुट होकर काम करने के लिए मौजूद हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। भाजपा को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई तथा फिर उन्हें त्याग दिया। 

उन्होंने कहा,भाजपा अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य की दौड़ लगा रहे हैं। उन्हें डर है कि जो एकता उन्हें यहां दिख रही है, उसका नतीजा अगले साल उनकी हार होगी। खड़गे ने कहा, हर संस्था को विपक्ष के खिलाफ हथियार बनाया जा रहा है। इस बैठक में हमारा इरादा अपने लिए सत्ता हासिल करना नहीं है। यह लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा करना है। आइए हम भारत को प्रगति, कल्याण और सच्चे लोकतंत्र के पथ पर वापस ले जाने का संकल्प लें।

ये भी पढे़ं- राजस्थान में 3,578 पुलिस कांस्टेबलों की होगी भर्ती, सीएम गहलोत ने आशय के प्रस्ताव पर दी सहमति

 

संबंधित समाचार