ओडीओपी: इंटरव्यू के लिए उमड़े लाभार्थी, अव्यवस्थाओं से जूझे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला उद्योग केंद्र पर मंगलवार को टूलकिट प्रशिक्षण के लिए इंटरव्यू देने पहुंचे लाभार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। केंद्र पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने से गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के दौरान कोई भीगता रहा तो किसी ने बचने के लिए छाते का सहारा लिया। सुबह से शाम तक इंटरव्यू की प्रक्रिया चलती रही।

एक जिला एक उत्पाद योजना (ओडीओपी) के तहत टूलकिट प्रशिक्षण से पहले उद्यम रजिस्ट्रेशन करा चुके पात्रों को कॉल करके जिला उद्योग केंद्र पर बुलाया गया। पूर्वाह्न 11 बजे से इंटरव्यू शुरू हुआ। काफी संख्या में इंटरव्यू देने के लिए पात्र पहुंचे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी। सहायक उपायुक्त उद्योग के कार्यालय में इंटरव्यू हुआ। इंटरव्यू लेने के लिए लोगों की संख्या कम थी, इससे एक पात्र का इंटरव्यू लेने में समय लग रहा था। यही वजह है कि लंबी लाइन लग गई। इस बीच तेज बारिश शुरू हो गई, इससे अफरा-तफरी मच गई। लाभार्थियों के लिए बैठने की भी कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

कई महिलाएं ऐसी थीं, जिनकी गोद में बच्चा था। खड़े होकर थकने से उन्होंने बच्चों को मेज पर लिटा दिया। काफी संख्या में महिलाएं बारिश के दौरान इंटरव्यू के लिए एंट्री कराने के लिए छाते के सहारे खड़ी रहीं। पूनम, सुनीता, संगीता, देवरानी, मंजूलता, पूजा, सुनील, अनिल, देवराज आदि ने बताया कि लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ रहा है। वरिष्ठ सहायक जिला उद्योग केंद्र महेंद्र पाल ने बताया कि लाभार्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। दो दिन में 296 पात्रों का इंटरव्यू होना था। अधिकतर का इंटरव्यू हो गया है। बारिश से कुछ दिक्कत हो गई थीं।

ये भी पढे़ं- बरेली: ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, डीएम से नही हुआ समाधान...अब मंडलायुक्त से शिकायत

 

संबंधित समाचार