कासगंज: परंपरागत रूटों से ही निकाले जाएं ताजिया के जुलूस, डीआईजी ने दिए निर्देश
डीआईजी ने ताजियों के जुलूस के रूट का किया निरीक्षण
कासगंज, अमृत विचार। अलीगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी ने मोहर्रम पर्व को लेकर कासगंज, सोरों, बिलराम और ढोलना में पैदल मार्च कर ताजियों के जुलसों के रूटों का निरीक्षण किया। थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि परंपरागत रूटों से ताजियों के जुलूस निकालने दिए जाए। शांति व्यवस्था के खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शा जाए।
डीआईजी शलभ माथुर मंगलवार को कासगंज पहुंचे। उन्होंने एसपी सौरभ दीक्षित एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर मुहर्रम के जुलूस एवं कांवड़ यात्रा की सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मोहर्रम के जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाए। नए मार्गों एवं नए जुलूसों को निकालने की अनुमति न दी जाए। कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए। बैठक के बाद उन्होंने सोरों, कासगंज, बिलराम और ढोलना में पैदल मार्च मुहर्रम के जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं देखी। एएसपी जितेंद्र दुबे, सीओ सदर अजीत चौहान, इंस्पेक्टर कासगंज हरिभान सिंह, इंस्पेक्टर सोरों डीके त्यागी , इंस्पेक्टर ढोलना आरके शर्मा सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे
शांति और सौहार्द से मनाए जाएं त्योहार
जिले के भ्रमण के बाद डीआईजी ने सदर कोतवाली में शांति समिति की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सभी पर्व चाहें वो किसी भी पर्व के हो शांति और सौहार्द से मनाने चाहिए। सभी धर्मों के लोगों को अपने पर्व धर्मों के अनुसार मनाने की छूट है, लेकिन पर्वों की आड में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ न हो। किसी की भावनाएं आहत न हो इसका ध्यान रखा जाए।
व्यवस्था बनाए रखने में सभी सहयोग करें। अराजक तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी। किसी भी कीमत पर अफवाह फैलाने वाले बख्शे नहीं जाएंगी। अफवाहों पर ध्यान दें। स्थानीय नागरिकों द्वारा डीआईजी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। एसडीएम पंकज कुमार, इंस्पेक्टर क्राइम चितर सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र बौहरे के अलावा नगर के व्यापारी गणमान्य नागरिक और धर्मगुरु मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कासगंज: गंगाघाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाव, गूंजे हर-हर गंगे के स्वर
