Kanpur: हक मांगा तो भाई बोला, तुम पाकिस्तानी जासूस हो, बड़ा भाई पाकिस्तान में 28 साल तक बंधक रहा, ऐसे समझे मामला
कानपुर में परिजनों ने युवक को पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप लगाया।
कानपुर में परिजनों ने युवक को पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप लगाया। 100 गज जमीन के विवाद में युवक ने छोटे भाई पर आरोप लगाया।
कानपुर, अमृत विचार। जाजमऊ में एक युवक ने पैतृक जमीन पर हक मांगा तो भाइयों ने पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप लगाकर हिस्सा देने से मना कर दिया। भाइयों ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर उसके खिलाफ बजरिया थाने में तहरीर भी दे दी हैं। बता दें कि युवक पाकिस्तान में 28 साल तक बंधक था। परिजनों ने किसी तरह उसको यहां बुला लिया। अब वह अपना हक मांग रहा है तो परिजनों ने पाकिस्तानी जासूस होने का आरोप लगाया।
कंघी मोहाल निवासी शमसुद्दीन चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके तीन भाई फहीमुद्दीन, नसीरुद्दीन और चांद बाबू है। शाहीन और चंदा बहनें हैं। परिवार में विकलांग पत्नी शकिरा और दो शादीशुदा बेटियां अजरा और उजमा हैं। अजरा का पति से तलाक हो गया है। वह मां शकिरा के साथ रहती है।
शमसुद्दीन दिल्ली में नौकरी करते थे। कंघी मोहाल निवासी सादुल्लाह की बेटी की शादी पाकिस्तान में हुई थी। उनका दामाद कानपुर आया था। उससे शमसुद्दीन की दोस्ती हो गई थी। वह 1992 में शमसुद्दीन को पाकिस्तान घूमने ले गया था। उस वक्त शमसुद्दीन की उम्र 30 साल थी। पाकिस्तान में वीजा की अवधि खत्म होने पर उसको गिरफ्तार कर लिया गया।
वह पुलिस निगरानी में पाकिस्तान में मजदूरी करता था। इस दौरान उसकी परिजनों से फोन पर बात हुई तो उसको जासूस के आरोप में गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया गया। परिजनों की काफी मशक्कत के बाद 28 साल बाद पाकिस्तान ने उसको छोड़ दिया। जिसके बाद वह किसी तरह यहां आ गया।
12 साल तक परिवार से संपर्क नहीं था
उस वक्त शमसुद्दीन की उम्र 30 साल थी। इस दौरान घरवालों को पता चला कि उसने पाकिस्तान की नागरिकता ले ली है। तब उनसे बातचीत बंद हो गई थी। करीब 12 साल तक उनके बीच बात नहीं हुई लेकिन बाद घरवालों को उनके जेल जाने की जानकारी हुई। वह अभी तीन साल पहले ही कानपुर आए थे। इस समय उनकी उम्र 61 साल हो गई है।
पैतृक जमीन को लेकर भाइयों में हुआ विवाद
शमसुद्दीन की मां के नाम जाजमऊ में 100 गज जमीन है। शमसुद्दीन जहां पर रहता था। वहां भाई फहीमुद्दीन परिवार के साथ रहता है। शमसुद्दीन की पत्नी और बेटी चमनगंज में किराये के कमरे में रहती है। शमसुद्दीन के मुताबिक उसने फहीमुद्दीन से दो कमरे मांगे है, ताकि पत्नी और बेटी वहां रह सकें।
शमसुद्दीन का आरोप है कि भाई ने उसके हिस्से के कमरे देने से मना कर दिया है। वहीं, फहीमुद्दीन का का कहना है कि 100 गज में चार भाई और दो बहनों को हिस्सा है। शमसुद्दीन पूरा 100 गज मांग रहे है। जिसे न देने पर शमसुद्दीन ने जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल में शिकायत की है।
