Lucknow में नये विधानसभा भवन के निर्माण की दिशा में बढ़ा एक कदम, गुजरात के वास्तुकारों के दल ने किया सर्वे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ में नये विधानसभा भवन के निर्माण की दिशा में बढ़ा एक कदम।

लखनऊ में नये विधानसभा भवन के निर्माण की दिशा में एक कदम बढ़ा। गुजरात के वास्तुकारों के दल ने विधान भवन का किया सर्वे। वहीं, प्रमुख सचिव के साथ दल ने विधानसभा अध्यक्ष संग अनौपचारिक बैठक की।

लखनऊ, [महेश शर्मा]। नये विधानसभा भवन का खाका तैयार करने का काम शुरू हो गया है। गुजरात से आए वास्तुकारों (आर्कीटेक्ट्स) के दल ने मंगलवार को विधानसभा भवन का सर्वे किया और विधानसभा अध्यक्ष से मिले। वास्तुकारों ने विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे के साथ भी बैठक की।

चार मार्च 2023 को बजट सत्र में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन को बताया था कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा का नया स्वरूप बनाने को कहा है। यही नहीं संसदीय कार्यमंत्री ने सदन को बताया कि ऐसा प्रयास होगा कि 18वीं विधानसभा का कम से कम एक सत्र नए विधानसभा भवन में हो। महाना ने भी लगभग यही कहा था। इसी बजट में नए विधानसभा भवन निर्माण की मद में इसी बजट में 50 करोड़ रुपये की टोकन रकम का प्रावधान किया गया है।

चर्चा है कि दिल्ली में सेंट्रलविस्टा की तर्ज पर नया विधानसभा भवन बनाया जाएगा। गुजरात से आए वास्तुकारों ने विधानसभा भवन को घूम-घूमकर देखा और उसके स्वरूप की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वास्तुकारों ने डिजिटल गैलरी, कैंटीन, इतिहास पुरुषों की तस्वीरें, भवन की साजसज्जा, कैंटीन और कार्यालयों का स्वरूप भी देखा।

अमृत विचार ने जब उनसे विस्तृत जानकारी चाही तो उन्होंने इंकार करते हुए कहा कि इस पर अभी चर्चा का कोई औचित्य नहीं है। हां, सर्वे के दौरान काफी अनूठी वस्तुएं देखने को मिलीं। हम इसे देखकर काफी प्रभावित हैं। उधर वास्तुकारों के दल के प्रमुखों को विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि कैसे पेपरलेस कार्रवाई की जाती है। हर सदस्य को बोलने का अवसर दिया जाता है। विधानसभा की साजसज्जा ऐसी की गयी है कि कोई भी आकर फील करे कि वह किसी राज्य की विधानसभा की अनूठी बिल्डिंग देखने को मिली। डिजिटल गैलरी में विधानसभा का इतिहास दर्ज है।   

मालूम हो कि विधानभवन का शिलान्यास तत्कालीन गवर्नर सर स्पेंसर हरकोर्ट बटलर ने 15 दिसंबर 1922 को किया था। 21 फरवरी 1928 को भवन का उद्घाटन किया गया था।

इसके मुख्य वास्तुकार (आर्कीटेक्ट) सर स्वीनन जैकब और हीरा सिंह थे। निर्माण मेसर्स मार्टिन एंड कंपनी द्वारा किया गया था। विधानसभा के एक अधिकारी ने बताया कि संभव है कि 2027 में सरकार का कार्यकाल समाप्त होने से पहले एक सत्र नये विधानसभा भवन में किया जा सकता है।

ये भी जानिए

उत्तर प्रदेश विधानसभा भवन के अंदर दो भागों में सदन चलता है, जिसमें एक विधानसभा और दूसरा विधान परिषद होता है।  विधानसभा के 403 तो विधानपरिषद के 100 सदस्य हैं। विधानसभा में 12 गेट हैं, जिनमें से ये पूर्व निर्धारित है कि कौन, किस गेट से एंट्री और एग्जिंट करेगा। सिक्योरिटी एजेंसी के हिसाब से किसी भी वक्त बदलाव किया जा सकता है।

संबंधित समाचार