चीनी घोटाले का आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ ला रही ईओडब्लू
लखनऊ, अमृत विचार। चीनी घोटाले के आरोपी राजेन्दन सुब्बा नायडु को ईओडब्ल्यू ने तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ ला रही है। उसके खिलाफ चार जिलों में नौ मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी नायडु मेसर्स श्री वेंकटेश्वर ग्लोबल ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड चेन्नई (तमिलनाडु) का निदेशक है।
बरेली के देवरनिया, अमरोहा के हसनपुर, बहराइच के नानपारा व कोतवाली देहात और लखीमपुर खीरी के सम्पूर्णानगर, तिकोनिया व पसगवां थाने में उसके खिलाफ वर्ष 2022 में दर्ज कुल नौ मुकदमों की विवेचना यूपी पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) कर रही है। ईओडब्ल्यू को सुब्बा नायडु की तलाश थी, जबकि वह फरार था। ईओडब्लू टीम ने मंगलवार रात उसे तमिलनाडु के टेनी जिले के पीसी पटी थानाक्षेत्र में एमएमआर नगर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला केंद्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत नई दिल्ली स्थित शर्करा निदेशालय द्वारा वर्ष 2019-20 में मैक्सिमम एडमिसिबल एक्सपोर्ट (एमएईक्यू) कोटा के तहत निर्यात के लिए आवंटित चीनी के घोटाले से सम्बंधित है।
मेसर्स श्री वेंकटेश्वर ग्लोबल ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड चेन्नई ने इस कोटे के तहत आवंटित चीनी की चीनी मिल्स से उठान कर फर्जी परचेज ऑफर व ई स्टाम्प शिपिंग बिल आदि के द्वारा भारत में ही अधिक दाम पर बेच दिया। जबकि आवंटित चीनी का निर्यात केंद्र सरकार द्वारा चीनी मिल्स से किए गए अनुबंध के अनुसार विदेशों में किया जाना था। ऐसा न किए जाने से केंद्र सरकार द्वारा प्रदत्त सब्सिडी चीनी मिल्स को नहीं मिल सकी।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: बीच सड़क पर पति ने प्रेमिका के संग मिलकर पत्नी को पीटा, वीडियो वायरल
