काशीपुर: फेसबुक पर छवि धूमिल करने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर गलत मैसेज और फोटो डालने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में मोहल्ला कटरामालियान निवासी अभिलाष प्रजापति ने बताया कि वह किराने की दुकान चलाकर अपना व परिवार का जीवन यापन करता है। बताया कि उसकी व एक अन्य महिला की किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी आईडी फेसबुक पर बना ली है।
जबकि महिला के साथ उसका एक मुकदमा उच्च न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी आईडी से उसके मित्रों व परिवार वालों को गलत मैसेज व फोटो भेजे जा रहे है। जिससे उसकी छवि धूमिल होने के साथ मानसिक क्षति पहुंच रही है। पुलिस ने तहरीर अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
