बरेली: महंगाई का झटका... शहरी क्षेत्र में 25 फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जमीन या मकान खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को प्रशासन जल्द बड़ा झटका दे सकता है। जिले के शहरी क्षेत्र में इस बार सर्किल रेट में 25 फीसदी तक की बड़ी वृद्धि हो सकती है। जमीनों के मूल्यांकन के बाद प्रशासन और निबंधन विभाग ने एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। सर्किल रेट बढ़ने के बाद जिले में जमीन और मकान खरीदना और महंगा हो जाएगा।

सदर तहसील के साथ नवाबगंज, फरीदपुर, आंवला, बहेड़ी, मीरगंज तहसील क्षेत्र में मौजूदा सर्किल रेट के अनुसार संपत्तियों का मूल्यांकन कर मूल्यांकन सूची तैयार की गई हैं। प्रस्तावित सूची की समीक्षा भी की जा चुके है। इसके बाद जिला निबंधक/एडीएम फाइनेंस संतोष बहादुर सिंह के निर्देश पर इसका प्रकाशन करा दिया गया है। शहरी क्षेत्र में 25 फीसदी की वृद्धि के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और प्रमुख मार्गों पर जमीनें खरीदने के लिए 20 और कृषि भूमि खरीदने के लिए 10 प्रतिशत अधिक स्टांप शुल्क चुकाना पड़ेगा।

बाहरी विकसित इलाकों में भी 25 फीसदी वृद्धि
शहरी क्षेत्र के आसपास विकसित रामगंगानगर परियोजना, एयरपोर्ट क्षेत्र और झुमका तिराहा इलाके में भी सर्किल रेट 25 फीसदी बढ़ेंगे।

शहर के इन इलाकों में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी
बरेली जंक्शन से जेल चौराहे तक मौजूदा सर्किल रेट 46 हजार रुपये वर्ग मीटर हैं जो 25 फीसदी बढ़ जाएंगे। इसी तरह जेल रोड से चौकी चौराहे तक भी 46 हजार का सर्किल रेट है। चौकी चौराहे से पटेल चौक तक 56 हजार, पटेल चौक से नावल्टी चौराहे तक 62 हजार, चौकी चौराहे से सर्किट हाउस चौराहे तक 46 हजार, चौकी चौराहे से गांधी उद्यान तक 55 हजार, सर्किट हाउस से हेड पोस्टआफिस 45 हजार, सर्किट हाउस से बैंक ऑफ बड़ौदा तक 45 हजार, बैंक ऑफ बड़ौदा से आईजी दफ्तर 40 हजार, आईजी दफ्तर से महालक्ष्मी टॉवर तक 48 हजार, बरेली कॉलेज से श्यामगंज चौराहे तक 40 हजार, श्यामगंज से बारादरी थाने तक 42 हजार, बारादरी थाने से संजयनगर तिराहे तक 42 हजार, सिकलापुर से साहू गोपीनाथ स्कूल तक 40 हजार, मठ चौकी से बारादरी थाना चौराहे तक 42 हजार, कुतुबखाना से बांसमंडी तक 42 हजार, श्यामगंज चौराहा और बताशा वाली गली 42 हजार, चौपुला से सिटी स्टेशन किला क्रॉसिग 33 हजार, चौपुला से कुतुबखाना चौराहे तक 46 हजार, गांधी उद्यान से श्यामगंज तक 45 हजार, श्यामगंज से जाट रेजिमेंट चौराहे तक 40 हजार, रामपुर बाग से बरेली कॉलेज तक 50 हजार, कलेक्ट्रेट चौराहे से ऑफिसर्स हॉस्टल तक45 हजार और चौकी चौराहे से चौपुला चौराहे तक 45 हजार रुपये वर्ग मीटर हैं।

24 तक मांगे आपत्ति और सुझाव, 27 को होगी बैठक
एडीएम एफआर संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि जनपद में एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू किए जाने हैं। प्रस्तावित मूल्यांकन सूची एआईजी स्टांप/उप निबंधक कार्यालय एवं स्टांप लिपिक के पटल पर देखी जा सकती है। इस पर 24 जुलाई तक आपत्ति/सुझाव मांगे गए हैं। कोई भी आपत्ति/सुझाव देने के लिए संबंधित एसडीएम, सभी उप निबंधक कार्यालय और जिला मुख्यालय पर एआईजी स्टांप और स्टांप लिपिक के पटल पर दे सकता है। आपत्तियों के निस्तारण के लिए 27 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे बैठक होगी। आपत्ति करने वालों को बैठक में भाग लेने के लिए अलग से कोई सूचना नहीं दी जाएगी। इसके बाद किसी आपत्ति पर विचार भी नहीं किया जाएगा।

शहरी क्षेत्र में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए मूल्यांकन सूची तैयार की गई है। इसे विकसित क्षेत्रों में भी लागू करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में 20 और कृषि भूमि पर 10 प्रतिशत वृद्धि लागू करने की तैयारी है। एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू होंंगे। - रामेंद्र श्रीवास्तव, उपनिबंधक द्वितीय बरेली

ये भी पढे़ं- बरेली: 20 साल से बिजली को तरस रहे शांति विहार कॉलोनी के लोग

 

संबंधित समाचार