मुरादाबाद : रामगंगा-गागन का जलस्तर उतार पर, कम नहीं हुई दुश्वारी
रामगंगा का जलस्तर 189.43 मीटर रहा, चारा लाने को लेना पड़ रहा नाव का सहारा
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामगंगा और गगान नदी का जलस्तर गुरुवार को उतार पर रहा। लेकिन लोगों की दुष्वारी कम होने का नाम नहीं ले रही। पशुओं के लिए चारा लाने के लिए भी लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। कटघर में रामगंगा नदी का जलस्तर 189.43 मीटर दर्ज किया गया। बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन नदी किनारे जाने से बचने की सलाह लोगों को दी जा रही है।
पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अब बारिश न होने से नदियों के जलस्तर में भी कोई खास बढ़ोतरी नहीं हो रही है, ऐसा भी नहीं कि पानी एकाएक कम हो गया। बाढ़ कंट्रोल रूम के अनुसार फिलहाल खतरे वाले कोई बात नहीं है। किनारों से कुछ पानी कम हुआ है। गुरुवार को रामगंगा नदी का जलस्तर 189.43 मीटर और गागन नदी का जलस्तर 189.55 मीटर दर्ज किया गया। दोनों नदियों का जलस्तर उतार पर है। लेकिन अभी नदी के दूसरी ओर जाने वाले किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिगर कालोनी निवासी किसान शमीम, फरहान और अमजद ने बताया कि पिछले दो-तीन दिन से रामगंगा नदी के जलस्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन पानी इतना कम नहीं हुआ, जिससे आसानी से नदी पार कर सकें।
पशुओं के लिए चारा लाने के लिए उस पर बैलगाड़ी के जरिए जाना पड़ता है और पानी से होकर ही चारा लाते हैं। इससे हर समय जोखिम बना रहता है। यहां पर एक पुल बनवाया जाए, जिससे उस पार खेती करने वाले किसानों को फायदा मिल सके। बाढ़ खंड के सहायक अभियंता सुभाषचंद्रा ने बताया कि रामगंगा और गागन नदी के जलस्तर में कमी आई है। फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भी सावधानी बरती जा रही है। जिला आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र ने बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर उतार पर है, लेकिन बाढ़ चौकियां अपने-अपने क्षेत्र में नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार 21 जुलाई को जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है तथा कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटना हुई तो नपेंगे एनएचएआई के अधिकारी, लापरवाही पर डीएम ने जताई कड़ी नाराजगी
