Gorakhpur University : साथियों के निलंबन वापस करने का ABVP बना रहा दबाव, कल कुलपति पर हुआ था हमला
गोरखपुर, अमृत विचार। शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कुलपति और कुलसचिव पर हमला कर दिया था। पूरा परिसर सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में है। घटना में शामिल छात्रों को यूनिवर्सिटी से निष्कासित कर दिया गया है। वहीं विश्विद्यालय प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक एबीवीपी नाजायज तरीके से अपने निलंबित साथियों को दोबारा प्रवेश देने को लेकर दबाव बना रहा है। कल की घटना इसी का परिणाम है। जबकि विद्यार्थी परिषद के मुताबिक इस पूरी घटना को अराजक तत्वों ने अंजाम दिया है।
कल की घटना के बाद कुलपति प्रो. राजेश सिंह, कुलसचिव प्रो. अजय सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके आवास पर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस की तैनाती की गई है। कैंट पुलिस ने अभी तक एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं को विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता की तरफ से दी गई तहरीर पर हिरासत में लिया है।
बताते चलें कि बीते 13 जुलाई को अपनी मांगे ना माने जाने पर आंदोलित एबीवीपी के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति का पुतला फूंका था। इसका विरोध करने पर छात्रों ने प्राक्टोरियल टीम के साथ हाथापाई की थी। इस मामले में यूनिवर्सिटी ने 15 कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी और चार का निलंबन कर दिया था। शुक्रवार को उग्र छात्र कुलपति से अपने साथियों का निलंबन वापस लेने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने कुलपति और कुलसचिव पर हमला कर दिया। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कानूनी कार्रवाई के दायरे में आये छात्रों का निलंबन विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार वापिस नहीं लिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें -कपिल सिब्बल ने कहा- मणिपुर मुख्यमंत्री को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाना ही एकमात्र रास्ता
