Theft In Kanpur: पुलिस की रात्रि गश्त की खुली पोल, छह दुकानों के टूटे ताले, चोर CCTV कैमरे में कैद, जानें- मामला
कानपुर में छह दुकानों में चोरी।
कानपुर के चकेरी थानाक्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक कर छह दुकानों को निशाना बनाया। वहीं, दो चोर सीसीटवी कैमरे में कैद हो गए।
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलते हुए निकली चोरों की बारात ने एक के बाद एक कर छह दुकानों को निशाना बनाया। अगली सुबह दुकानों के ताले टूटे देख मालिकों के होश उड़ गए। इधर, सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं, दो चोर दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
अहिरवां के संजीव नगर निवासी सूर्य प्रकाश सोनी की घर के नीचे ही नक्षत्र ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार देर रात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखे सोने व चांदी के आभूषण पार कर दिए। इतना ही नहीं, चोर दुकान से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। दुकान मालिक सूर्य प्रकाश ने बताया कि चोर करीब डेढ़ से दो लाख का माल पार कर ले गए हैं।
इसी तरह चोरों ने श्याम नगर निवासी अविनाश तिवारी के अहिरवां स्थित मेडिकल स्टोर को निशाना बनाया। चोर शटर तोड़कर 20 हजार और बीपी नापने की मशीन पार कर ले गए। वहीं, अहिरवां निवासी गौरव कुशवाहा के वीआर स्मार्ट मार्ट से भी 20 हजार का सामान और 15 हजार रुपये चुरा लिए।
इसके बाद चकेरी मोड़ निवासी गुलाब सिंह की घर के नीचे स्थित जनरल स्टोर का शटर तोड़ 42 हजार रुपये और दो हजार की कीमत का सामान पार कर ले गए। उससे कुछ दूरी पर विपिन कुशवाहा के मकान के बगल में स्थित उनकी ग्रॉसरी की दुकान से 5500 रुपये, वेल्डिंग मशीन, लैपटॉप और एक फोन चुराकर ले गए।
