Unnao: बच्चों से अक्सर होता था विवाद, युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जीवनलीला की समाप्त, परिजनों में मची चीख-पुकार
उन्नाव में बच्चों से झगड़कर युवक ट्रेन के आगे कूदा।
उन्नाव में बच्चों से झगड़कर युवक ट्रेन के आगे कूदा। जिससे युवक की मौत हो गई। शराब पीकर घर आने पर बच्चों से आए दिन विवाद होता था।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गांव देवारा कलां संभर खेड़ा निवासी युवक का उसके बच्चों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर वह रेलवे ट्रैक पहुंचा। जहां उसने डाउन लाइन से जा रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। भोरपहर इलाहाबाद पैसेंजर के चालक ने वॉकी-टॉकी से स्टेशन मास्टर को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा।
बता दें कि देवारा कलां संभर खेड़ा निवासी संजय लोधी का उसके बच्चों से शुक्रवार किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर वह सरैयां और सहजनी रेलवे क्रासिंग के बीच पड़ने वाले पोल संख्या 63/20 व 63/18 के पास पहुंचा। जहां डाउन लाइन से जा रही ट्रेन के आगे छलांग लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। भोरपहर करीब 3:07 बजे इलाहाबाद पैसेंजर के लोको पायलट ने डाउन लाइन पर शव पड़ा देखा तो इसकी जानकारी उसने वॉकी-टॉकी से स्टेशन मास्टर को दी।
स्टेशन मास्टर ने गंगाघाट कोतवाली पुलिस को मेमो भेजा। पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा। ग्रामीणों का कहना है कि संजय की पत्नी नहीं है। वह आएदिन शराब पीकर घर आता था। इसे लेकर शुक्रवार को उसका बच्चों से विवाद हुआ था। मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। पिता की मौत पर उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।
