Unnao News: बुलेट सवार छात्र ने महिला को मारी टक्कर, दूर तक घिसटी, एक घंटे तक दर्द से कराहती रही, पढ़ें- पूरी खबर
उन्नाव में बुलेट सवार छात्र ने महिला को टक्कर मारी।
उन्नाव में बुलेट सवार छात्र ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिला कई किमी तक घिसटती चली गई। पुलिस ने महिला को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी एक महिला शनिवार दोपहर बच्चों को स्कूल से लेने जा रही थी। तभी गोपीनाथपुरम के पास अनियंत्रित बुलेट सवार छात्र ने उसे टक्कर मार दी। महिला बुलेट में फंस गई। जिससे वह काफी दूर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद छात्र मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने छात्र को पकड़ दिया। पुलिस ने कटर मंगवाकर बुलेट कटवाई। जिसके बाद घायल महिला को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
बता दें कि आजाद नगर निवासी परशुराम यादव की पत्नी रामेश्वरी शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे गोपीनाथ पुरम स्थित एक स्कूल से बच्चों को लेने जा रही थी। स्कूल के गली के सामने वह फोरलेन पार करने लगी तभी उन्नाव से आ रहे बुलेट चालक ने रामेश्वरी को टक्कर मार दी। जिससे वह उछल कर सड़क पर जा गिरी और उसके दोनों पैर बुलेट के आगे पहिये में फंस गये। यह देख छात्र ने बुलेट भगाने का प्रयास किया।
जिस पर करीब 20 मीटर तक महिला को घसीटता हुआ ले गया। बुलेट गिरने पर छात्र वहां से भाग निकला। वहीं बुलेट के पीछे बैठे छात्र के भाई तन्मय को भीड़ ने पकड़ लिया। घटना की सूचना पर पहुंचे बिंदा नगर चौकी इंचार्ज सुशील ने घायल महिला को बुलेट से निकलवाने का प्रयास किया।
सफलता न मिलने पर उन्होंने कटर मंगवाकर बुलेट को कटवाया। बुलेट काटने में एक घंटा लग गया। इस दौरान महिला एक घंटे तक सड़क पर पड़ी कराहती रही। इसके बाद उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद लगा भीषण जाम
हादसे के बाद फोरलेन पर भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान वाहन सवार जल्दबाजी में निकलने लगे और वहां भीषण जाम लग गया। इसी दौरान स्कूल की छुट्टी हो गई। जिससे जाम और बढ़ गया। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा ओर लोग परेशान हुए।
