बरेली: सैकड़ों मासूमों की जान खतरे में... बिजली विभाग को परवाह नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/शेरगढ़, अमृत विचार। शेरगढ़ के बूंची गांव के कंपोजिट स्कूल में लगाए गए जिस ट्रांसफार्मर को बच्चों के लिए भारी खतरा बताते हुए हटाने के लिए बिजली विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका था, शुक्रवार को उसमें भीषण आग लगने से बड़ा हादसा होने से बच गया। गनीमत रही कि यह घटना सुबह स्कूल खुलने से ऐन पहले तब हुई जब बच्चे स्कूल पहुंचे नहीं थे। आग पर जैसे-तैसे काबू पाया गया। अब इस घटना पर नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग को फिर पत्र लिखा गया है। इस घटना से गांव के लोगों में भारी गुस्से का माहौल है।

स्कूल के प्रधानाध्यापक लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि बिजली विभाग ने स्कूल परिसर में ही 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगा रखा है। बच्चे उसके आसपास खेलते रहते हैं। शुक्रवार सुबह स्कूल खुलने से कुछ ही देर पहले गांव के लोगों ने उन्हें फोन कर ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने की सूचना दी। उन्होंने फौरन स्कूल पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। बिजली की सप्लाई बंद होने के बाद गांव के लोगों की मदद से जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया। स्कूल पहुंचे बच्चों को भी सीधे कक्षाओं में भेजकर बाहर निकलने पर रोक लगा दिया गई।

उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में लगा ट्रांसफार्मर बच्चों के साथ स्टाफ के लिए भी खतरा है। कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ विभागीय अधिकारियों को भी इस बारे में लिखा जा चुका है लेकिन कोई इसे गंभीरता से लेने को तैयार नहीं है। इस बेपरवाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना से अभिभावकों और गांव के लोगों में भी भारी गुस्सा है।

स्कूल के ऊपर हाईटेंशन लाइन, कई बार टूट चुके हैं तार
बूंची कंपोजिट स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के सिर के ऊपर भी कई साल से खतरा मंडरा रहा है। दरअसल स्कूल के ऊपर से ही 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन खींच दी गई है। स्कूल के ही पड़ोस में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र पर कई बार हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिर चुके हैं। इसे भी हटाने की काफी समय से मांग की जा रही है लेकिन बिजली विभाग के अफसर सुनने को तैयार नहीं हैं। स्कूल स्टाफ का कहना है कि अगर कभी यह तार टूटकर स्कूल के ऊपर गिरे तो बड़ा हादसा हो सकता है।

स्कूल में लगे ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना के बाद बिजली विभाग के साथ बीएसए और सीडीओ को भी अवगत कराया है और हाईटेशन लाइन जल्द हटावाने की मांग की है। इससे पहले भी बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर यह लाइन हटवाने की मांग कर चुके हैं। - पूरन सिंह, बीईओ

स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन और अंदर रखे ट्रांसफर को हटवाने के लिए कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नही हो रही है। इस कारण स्कूल में हमेशा किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती हैं। - लक्ष्मण प्रसाद, प्रधानाध्यापक

घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। ट्रांसफार्मर में आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। स्कूल से ट्रांसफार्मर हटाने के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जा चुका है। एस्टीमेट स्वीकृत होते ही ट्रांसफार्मर को स्कूल के बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा। - गिरीश कुमार, जेई बिजली विभाग

स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रांसफार्मर हटवाने के लिए कोशिश शुरू कर दी गई है। सीडीओ और डीएम को भी पत्र भेज कर ट्रांसफार्मर हटवाने का आग्रह किया गया है। - संजय सिंह, बीएसए

ये भी पढ़ें- बरेली: फैल रहा आंखों में इंफेक्शन, चपेट में आए सैकड़ों लोग

 

संबंधित समाचार