हरदोई में दिनदहाड़े लूट, ऑटो के अंदर महिला का दबाया मुंह - छीन ले गए कुंडल और मंगलसूत्र 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। बस से उतर कर ऑटो पर सवार होकर मेडिकल कालेज दवाई लेने आ रही महिला का मुंह दाब कर उसके कानों से कुंडल और गले से मंगलसूत्र लूट लिए गए। लुटेरे उसे ऑटो से धक्का देकर भाग निकले। इसका पता होते ही शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस नाकाबंदी कर वारदात के खुलासे में जुट गई है।

बताया गया है कि रविवार की सुबह बेनीगंज कोतवाली के ममरेजपुर निवासी हरीशचंद्र राजवंशी की पत्नी आकांक्षा राजवंशी मेडिकल कालेज दवाई लेने आ रही थी। वह जिंदपीर चौराहे पर बस से उतर कर ऑटो पर बैठ गई। ऑटो पर पहले से ही तीन युवक बैठे हुए थे। आकांक्षा राजवंशी का कहना है कि जैसे ऑटो जेल रोड से तिकोनिया पार्क से मेडिकल कालेज की तरफ मुड़ा,तभी तीनों युवक उसके ऊपर झपट पड़े और मुंह दाब लिया। इसके बाद उसके कानों से सोने के कुंडल और गले से मंगलसूत्र छीन लिया, इसके बाद मौनी बाबा मंदिर के पास उसे चलते ऑटो से धक्का मार कर उतार दिया और भाग गए। इसके बाद यूपी-112 डायल करने पर वहां पहुंची पीआरवी की टीम ने आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की। पुलिस महिला की तहरीर पर छानबीन कर रही है। इसके अलावा शहर की नाकेबंदी कर पुलिस की टीमें वारदात के खुलासे के लिए जुटी हुई है।

टप्पेबाज़ी में टॉप पर पहुंचा शहर
शहर में दिनदहाड़े हुई लूट,जिसे पुलिस ने टप्पेबाज़ी का नाम दिया है,थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। अभी कुछ दिन पहले ही रजिस्ट्री कार्यालय में भाजपा नेता के भतीजे के साथ लाखों की टप्पेबाज़ी हों चुकी है। पुलिस उसका सुराग़ लगा पाती कि उससे पहले फिर ऐसी वारदात हो गई। इससे पहले भी शहर कुछ इसी तरह की वारदातें हो चुकी है। पुलिस की चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऐसा होना लोगों के गले नहीं उतर रहा है। टप्पेबाज़ी में शहर टॉप पर पहुंच चुका है।

ये भी पढ़ें -हरदोई में जमीनी रंजिश के चलते बीच गांव में लहराए गए तमंचे, Viral Video पर केस दर्ज

संबंधित समाचार