रामपुर : दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाया, पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिलक थाना क्षेत्र का मामला, काफी समय से ससुराल में चल रहा था विवाद, जांच शुरू

रामपुर, अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता पर पेट्रोल डालकर जला दिया। आसपास के लोगों ने उसको अस्पताल में भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सहित छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिलक थाना क्षेत्र के गांव बिचौली निवासी शारदा देवी का कहना है, उसकी शादी 16 मार्च 2022 को जिला बरेली के थाना सीबीगंज के गांव गौटिया निवासी गंगाराम से हुई थी। मायके वालों ने शादी में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन ससुराल वाले खुश नहीं थे। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ ठीक चलता रहा, उसके बाद ससुराल वालों ने विवाहिता से दहेज में बुलेट और दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी।

आरोप है, 25 मार्च 2023 को मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को लात घूसों से मारा। जिससे उसका गर्भपात हो गया। उसके बाद ससुराल वालों ने उसको कमरे में बंद करके पेट्रोल डालकर उसको आग के हवाले कर दिया। उसके शोर मचाने पर पड़ोसी आ गए। लोगों ने उसको किसी तरह से बाहर  निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया और मायके वालों को सूचना दी।

 सूचना मिलने के बाद मायके वाले भी आ गए, लेकिन महिला की हालत गंभीर होने पर उसको बेहतर इलाज के लिए बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसका काफी दिनों तक इलाज चला। बाद में पीड़ित ने मिलक थाने में तहरीर दी। पुलिस ने गंगाराम, केशवराम, खेमवती, बिंची, मोहिनी, कुमकुम के खिलाफ जानलेवा हमला करने के साथ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

ये भी पढ़ें : रामपुर : ईंट भट्ठे पर हुआ प्यार चढ़ा परवान, निशा अंसारी से निशा मौर्या बनी युवती...रचाई शादी

संबंधित समाचार