गोरखपुर : सड़क दुर्घटना में एक कांवड़िये की मौत, 12 श्रद्धालु घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, गोरखपुर । गोरखपुर में रविवार सुबह धर्मशाला ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार एक कांवड़िये की मौत हो गई तथा 12 अन्य घायल हो गए। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों व मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कावड़ियों का एक जत्था सरयू नदी का जल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से पिपराइच के मोटेश्वर महादेव मंदिर जा रहा था। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब दो बजे शाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मशाला ओवर ब्रिज पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में पिपराइच क्षेत्र के निवासी 17 वर्षीय आकाश गुप्ता की मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार 12 अन्य कांवड़िये घायल हुए हैं जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है और उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इस घटना को लेकर मृतक के परिजन तथा अन्य ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया।

पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया बुझाया जिसके बाद जाम खुल सका। सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस सिलसिले में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या : राम मंदिर की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ जवान की हार्ट अटैक से मौत

संबंधित समाचार