बरेली: तीसरा सोमवार आज, मंदिरों में किए गए विशेष इंतजाम
रविवार को दिनभर चलता रहा कांवड़ियों के जल लेने जाने का सिलसिला
बरेली, अमृत विचार। श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है, इसे ध्यान में रखकर मंदिरों में अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं हैं ताकि श्रद्धालुओं की किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिरों के बाहर सुरक्षा में मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। रविवार को भी दिनभर कांवड़ियों के जत्थे डीजे पर थिरकते गंगाजल लेने रवाना होते रहे। सोमवार को जत्थे वापस आकर मंदिरों ने शिव का जलाभिषेक करेंगे।
रविवार सुबह से शहर के अलग-अलग स्थानों से कांवड़ियों के जत्थे कछ़ला, हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए। पीलीभीत बाईपास, नैनीताल रोड, दिल्ली रोड पर डीजे के साथ थिरकते कांवड़ियों के जत्थे हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ गुजरते रहे।
चौपुला चौराहा, श्यामगंज, सेटेलाइट, चौकी चौराहा, पटेल चौक आदि स्थानों के साथ ही मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा। पशुपति नाथ मंदिर के महंत पं. मुकेश मिश्रा ने बताया कि तीसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। अलखनाथ मंदिर के महंत कालू गिरि ने बताया कि कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें लगाने की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: जोगी नवादा में कांवड़ियों पर पथराव, 12 घायल, इलाका छावनी में तब्दील
