बरेली: बीएमएम पर रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले घिरे बीडीओ, महिला आयोग ने डीएम-एसएसपी को भेजा समन
पूरे प्रकरण की रिपोर्ट भेजने के दिए निर्देश, भोजीपुरा ब्लॉक का मामला
6 जुलाई को प्रकाशित खबर की पीडीएफ
बरेली, अमृत विचार। महिला स्वयं सहायता समूह से कमीशन लेने के आरोप में घिरी ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) पूनम राजपूत का ऑडियो वायरल होने पर भी उन पर कार्रवाई न करके दूसरी बीएमएम कविता गंगवार के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराने के मामले में अब बीडीओ घिरते नजर आ रहे हैं। कविता की शिकायत पर महिला आयोग ने मामले का संज्ञान में लेकर डीएम और एसएसपी को समन भेजा है।
भोजीपुरा ब्लॉक में गोलमाल से जुड़े दो मामले इन दिनों चर्चा हैं, इनमें एक है आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन पहुंचाने के एवज में शासन से बालाजी महिला स्वयं सहायता समूह को मिले 1.70 लाख के भुगतान में से 50 हजार रुपये कमीशन वसूलने, जिसमें बीएमएम पूनम राजपूत और बीडीओ कमल श्रीवास्तव के खिलाफ शिकायत की गई थी।
दूसरा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में आईसीआरपी के 22 लाख रुपये के मानदेय का भुगतान 26 मई को दूसरे खातों में भेज दिए जाने का है। गलत खातों में भेजे भुगतान की रिकवरी करने के बाद बीडीओ कई दिनों तक मामले को दबाए थे। इस बीच समूह की सचिव अनीता और बीएमएम पूनम के बीच लेनदेन की बातचीत का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।
इस पर गुस्साए बीडीओ ने आननफानन पुराने मामले में बीएमएम कविता पर रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, जबकि इस मामले में सीएलएफ सदस्यों की भी भूमिका थी। खुद बीडीओ कमल श्रीवास्तव ने एफआईआर में इनके नाम शामिल होने की बात कही थी लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। अब इस प्रकरण में महिला आयोग की ओर से डीएम-एसएसपी को समन भेजने का पता लगते ही ब्लाॅक में खलबली मची है।
आरोप : महिलाओं की छवि धूमिल करना चाहते हैं बीडीओ
बीएमएम कविता पर एफआईआर लिखाने के बाद सीएलएफ (संकुल प्रेरणा समिति) सदस्यों को नोटिस भेजने के मामले में भी बीडीओ घिरते नजर आ रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों ने बीडीओ के नोटिस के जवाब में कहा है कि आईसीआरपी का मानदेय दूसरे खातों में गलती से भेज दिया गया था। इसे बाद में सही खातों में भेज दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीआरपी से जुड़े जो अभिलेख मांगे गए वह एडीओ पंचायत पहले ही बीडीओ के नाम पर ले चुके थे। समिति की पदाधिकारियों ने महिला संगठन की छवि धूमिल करने की साजिश करने समेत कई गंभीर आरोप बीडीओ पर लगाए हैं।
कविता बोली, जरूरत पड़ी तो कोर्ट भी जाऊंगी
बीएमएम कविता गंगवार का कहना है कि बीएमएम पूनम राजपूत का ऑडियो वायरल होने पर उन पर कार्रवाई करने के बजाय बीडीओ ने पुराने मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। उनका आरोप है कि कुछ लोग बीडीओ से समझौता करने का दबाव बनाते हुए केस खत्म कर फिर से नौकरी ज्वाइन करने की बात कह रहे हैं। कविता के मुताबिक महिला आयोग ने उनके मामले को संज्ञान में ले लिया है। जरूरत पड़ने पर बीडीओ के खिलाफ हाईकोर्ट तक जाएंगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अमृत विचार के दिवंगत इलेक्ट्रिकल इंजीनियर प्रमोद के परिवार को आर्थिक सहायता
