पीलीभीत: रिश्ता तय होने के बाद बनाए संबध, अब अचानक मांगी कार
पीलीभीत, अमृत विचार। रिश्ता तय होने के बाद युवक ने लड़की के घर आवाजाही शुरू कर दी। शादी का हवाला देते हुए कई बार शारीरिक संबंध बनाए। कुछ दिन पूर्व जब शादी को लेकर बात छेड़ी गई तो पहले दहेज में कार की मांग रख दी। इसे पूरा करने में असमर्थता जताने पर मायके वालों को पिटाई कर भगा दिया। शादी से भी इनकार कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री से शिकायत कर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है। थाना बरखेड़ा क्षेत्र की एक युवती ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी एक साल पहले बिलसंडा क्षेत्र के एक युवक से तय हुई थी।
बिचपईयों के सामने दोनों पक्षों में लेनदेन हुआ। रिश्ता तय होने के बाद ससुरालियों को दो लाख कीमत के जेवरात और एक लाख सात सौ छियासी रुपये दिए गए। एक साल बाद शादी करने की बात तय हुई। इसके बाद लड़के का घर आना-जाना हो गया। वर्ष 2022 से लगातार आरोप है कि युवक पीड़िता का यौन शोषण करता रहा।
22 जुलाई 2023 को जब युवक से शादी को लेकर बातचीत करने की बात कही। इसके बाद मायके वाले लड़का पक्ष के घर गए। आरोप है कि कार की मांग अचानक रख दी गई।जब इसका विरोध किया तो लड़का पक्ष ने तमाम लोगों को बुलाकर मायके वालों से मारपीट की। शादी करने से इनकार कर दिया।
बमुश्किल परिवार वालों ने अपनी जान बचाई। लड़का पक्ष ने तीन लाख सात सौ छियासी रुपये का सामान भी हड़प लिया, जिसे वापस नहीं किया गया है। अब शिकायत करने पर बदनाम करने की धमकी दे रहे हैं। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
