नीली चिड़िया की जगह अब 'X' होगा twitter का ‘लोगो’, Elon Musk का बड़ा फैसला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

न्यूयॉर्क। सोशल मीडिया मंच ‘ट्विटर’ अब अपने ‘लोगो’ के लिए प्रसिद्ध नीली चिड़िया की जगह अंग्रेजी के ‘एक्स’ अक्षर का इस्तेमाल करेगा। उद्योगपति एलन मस्क ने रविवार को यह जानकारी दी। मस्क ने पिछले साल 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदा था। उसके बाद उन्होंने साइट में कई बदलाव किए हैं। मस्क ने रविवार देर रात ट्वीट करके बताया कि वह लोगो में बदलाव सोमवार को ही करना चाहते हैं।

मस्क ने लिखा, ‘‘और जल्द ही हम ट्विटर ब्रांड और सभी चिड़ियां को अलविदा कह देंगे।’’विपणन सलाहकार कंपनी ‘मेटाफोर्स’ के सह-संस्थापक एलन एडम्सन ने कहा कि ‘एक्स’ से जुड़े मस्क के पुराने इतिहास को देखते हुए यह बदलाव आश्चर्यजनक नहीं है।

टेस्ला के अरबपति मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मस्क ने पिछले साल अक्टूबर में ट्वीट किया था, ‘‘ट्विटर को खरीदना सभी सेवाएं मुहैया कराने वाली ‘एक्स’ ऐप की दिशा में उठाया गया कदम है।’’मस्क की रॉकेट कंपनी ‘स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्प’ को आमतौर पर ‘स्पेसएक्स’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 1999 में ‘एक्स डॉट कॉम’ नामक एक स्टार्टअप की स्थापना की थी, जो एक ऑनलाइन वित्तीय सेवा कंपनी है। इसे अब पेपाल के नाम से जाना जाता है। 

नीली चिड़िया हटाकर डॉग को बनाया था ट्विटर का लोगो 
एलन मस्क ने चार महीने पहले ट्विटर की नीली चिड़िया हटाकर एक डॉग को ट्विटर का लोगो बनाया था। उन्होंने था- जैसा वादा किया था, वह पूरा किया। हालांकि, बाद में उन्होंने दोबारा नीली चिड़िया को ट्विटर लोगो बना लिया था।

ये भी पढ़ें : Redmi 12 5G: ग्लोबल लेवल पर लॉन्च होने के बाद 01 अगस्त को INDIA में लॉन्च होगा फोन का 5G वर्जन

संबंधित समाचार