उन्नाव: सावन के तीसरे सोमवार को साक्षात नाग देवता ने किए भोलेनाथ के दर्शन, भक्त हुए स्तब्ध
बांगरमऊ क्षेत्र के बोधेश्वर धाम में अचानक पहुंचे नाग देवता, मंदिर में मौजूद भक्तों में मची अफरा तफरी
अमृत विचार, उन्नाव। उन्नाव के बांगरमऊ नगर के पश्चिम स्थित बाबा बोधेश्वर धाम मंदिर में सावन माह के तृतीय सोमवार को स्वयं नागराज ने पहुंचकर पंचमुखी शिवलिंग पर बाबा भोलेनाथ को प्रणाम किया। यह देख मंदिर के अंदर मौजूद भक्त स्तब्ध होकर पीछे हट गए।
बताया जाता है कि अरघा पर अर्पित किए गए जल के निकास द्वार से नाग देवता ने मंदिर के अंदर प्रवेश कर बाबा के साक्षात दर्शन किए और स्वयं तमाम श्रद्धालु भक्तों को दर्शन दिए। शिवलिंग पर नाग देवता को देखते ही मंदिर हर हर महादेव, जय जय भोलेनाथ, जय हो बाबा बोधेश्वर महाराज के जयकारे से गूंज उठा।
बाबा के बीते कई वर्षों से प्रतिदिन दर्शन व पूजन करने वाले तमाम भक्तों ने कई बार मंदिर के शिवलिंग पर विराजमान नाग देवता को देखा है। नियमित दर्शनार्थियों के अनुसार बाबा के गर्भ गृह में कभी-कभी तो नाग नागिन के जोड़े ने भी दर्शन दिए हैं। सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्री बाबा बोधेश्वर सेवा समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिर में तड़के से ही भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाता रहा।
यह भी पढ़ें:-अमेठी: लापता हुई चार नाबालिक बच्चियों को पुलिस ने रामबाग रेलवे स्टेशन से किया बरामद, 12 जुलाई को हुई थीं गायब
