रामपुर : सैफनी में ई-रिक्शा चालक डाक कांवड़ियों के जत्थे से टकराया, हंगामा
गुस्साए कांवड़ियों ने सैफनी चौराहे पर लगाया जाम, ई-रिक्शा चालक को भी पीटा, काफी देर तक बना रहा अफरा-तफरी का माहौल
सैफनी(रामपुर),अमृत विचार। डाक कांवड़ लेकर संभल जा रहे कांवड़ियों के जत्थे को ई-रिक्शा चालक ने टक्कर मार दी। गुस्साए कांवड़ियों ने सैफनी चौराहे पर आंबेडकर मूर्ति के पास धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और चौराहे पर जाम लगा दिया। गुस्साए कांवड़ियों ने चालक को पीट दिया। उसके बाद पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। बाद में कांवड़िए दोबारा से जल लेने के लिए रवाना हुए। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सैफनी थाना क्षेत्र के गांव सराय महेश निवासी कुछ युवकों का जत्था चार दिन पहले ब्रजघाट डाक कांवड़ लेने गया था। सोमवार को डाक कांवड़ लेकर सैफनी के रास्ते संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ स्थित बैरनी शिवमंदिर में जल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। कुछ कांवड़ियों का जत्था आगे निकल गया। जबकि कुछ कांवड़िए पीछे रहे गए। आरोप है कि एक ई-रिक्शा चालक ने सड़क पार करते समय कांवड़िए को टक्कर मार दी। जिससे कांवड़ खंडित हो गई।
गुस्साए कांवड़ियों ने सैफनी चौराहे पर आंबेडकर मूर्ति के पास सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। कांवड़ियों का कहना था, कांवड़ खंडित होने से हमें दोबारा कावंड़ लेने ब्रजघाट जाना पड़ेगा। जानकारी मिलते ही सैफनी थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। किसी तरह से मामले को शांत कराया। उसके बाद कांवड़िए दोबारा जल लेने के लिए रवाना हो गए। करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस का कहना है कि कांवड़ जत्था ई-रिक्शा से नहीं टकराया है, ई-रिक्शा केवल कांवड़ जत्था के बीच से होकर गुजर गई।
मामले की जानकारी मिलने पर आनन-फानन में क्षेत्राधिकारी केएन आनंद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कांवड़ियों को समझाया। उसके बाद कांवड़ियों को दोबारा जल लाने के लिए तीन वाहनों का इंतजाम पुलिस ने कराया। फिर पुलिस ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें : रामपुर : दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाया, पति सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
