जम्मू-कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में लगभग दोगुना होकर 326 करोड़ रुपये पर पहुंचा
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 96 प्रतिशत बढ़कर 326 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने बताया कि फंसे कर्ज में कमी के कारण उसके प्रदर्शन में सुधार हुआ।
श्रीनगर स्थित बैंक ने एक साल पहले इसी अवधि में 166 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बैंक में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की 63.41 प्रतिशत हिस्सेदारी है। जेएंडके बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि 2023-24 की पहली तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,885 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 2,306 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन अवधि में बैंक की ब्याज आय सालाना आधार पर 2,103 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,657 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) घटकर कुल ऋण का 5.77 प्रतिशत रह गईं, जो एक साल पहले 9.09 प्रतिशत पर थीं। इसी तरह शुद्ध एनपीए 3.02 प्रतिशत से घटकर 1.39 प्रतिशत रह गया।
ये भी पढ़ें - छत्तीसगढ़: जन प्रतिनिधि राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठकर करे जनहित के कार्य: राज्यपाल
