शाहजहांपुर: रोडवेज परिसर में खड़ी बस के अंदर लटका मिला चालक का शव
शाहजहांपुर, अमृत विवार। रोडवेज बस अड्डे परिसर में अनुबंधित बस के अंदर चालक का शव लोहे की राड से फंदे से लटका मिला। बस का दरवाजा अंदर से बंद था। बस के अंदर शव मिलने से बस अड्डे पर अफरातफरी मच गई। एआरएम, सीओ सिटी व प्रभारी निरीक्षक बस अड्डे पर पहुंचे और चालक के शव फंदे से नीचे उतारा। सीओ सिटी ने बस स्टाफ से चालक के बारे में जानकारी की। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव गोरा महुआ निवासी 30 वर्षीय अंकित कुमार स्थानीय रोडवेज डिपो में अनुबंधित बस चलाता था। अनुबंधित बस हरिओम गुप्ता की है। यह बस शाहजहांपुर से बरेली के लिए चलती है। सोमवार की रात चालक अंकित बरेली से बस लेकर आया। चालक ने बस को बस अड्डे परिसर में एक साइड में खड़ी कर दी। बताते हैं कि बस के अंदर चालक ने अन्य स्टाफ के साथ शराब आदि पी।
चालक अपने एक साथी चालक संजय निवासी दहेना थाना अल्हागंज के साथ होटल पर खाना खाया। खाना खाने के बाद दूसरा चालक संजय बस अड्डे के भवन में बरामदे में सोने के लिए चला गया। चालक अंकित ने अपने साथी से कहा कि वह बस के अंदर सोएगा। बताते हैं कि वह हमेशा बस में ही सोता था। मंगलवार की सुबह साढ़े पांच बजे सफाई कर्मचारी बस की सफाई के लिए बस संख्या यूपी 27-टी/9087 के पास गया। बस का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा अंदर से बंद था और खटखटाने पर नहीं खुला। सफाई कर्मचारी ने टायर के ऊपर चढ़कर देखा तो चालक सीट के पीछे शव गमछे से लोहे की राड से लटका हुआ था।
सफाई कर्मचारी ने पूछताछ कार्यालय पर आकर कर्मचारियों को बताया। इस पर वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर एआरएम आरएस पांडे व अन्य अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने सदर बाजार को सूचना दी। सीओ सिटी वीएस वीर कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह बस अड्डे पर पहुंचे।
पुलिस ने बस के दरवाजे की कुंडी तोड़ी और शव को नीचे उतारा। बस के अंदर पानी की दो बोतल, नमकीन, गिलास आदि मिले है। सीओ सिटी ने बस के अन्य चालकों से पूछताछ की जा रही है। मृतक चालक अंकित के भाई अंकुल ने हत्या की आशंका जताई है। साथ ही किसी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिवार वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।
पैर बस की फर्श को छू रहे थे
चालक अंकित कुमार का शव बस के अंदर लोगों ने फंदे से लटका देखा। चालक के दौनों पैर बस की चादर पर स्पर्श हो रहे थे। उसका शरीर एक सीट के सहारे रुका हुआ था। लोगों में चर्चा थी कि गमछे से बंस के अंदर लोहे की राड से कैसे फांसी लगा ली होगी। जब कि फर्श से लोहे की राड की ऊंचाई करीब पौने छह फीट होती है। आदमी का सिर लोहे की राड में खड़े होने पर स्पर्श होने लगता है। शव को लेकर तरह-तरह की चर्चा थी।
पत्नी से फोन पर हुई थी बात
बस के अंदर चालक अंकित ने अन्य चालक व परिचालक के साथ बैठकर शराब आदि पी थी। उसके पास की-पैड का मोबाइल था। उसकी आखिरी काल पत्नी की निकली है। जिन चालक व परिचालकों के साथ बैठकर खाया पिया था। पूछताछ के दौरान परिचालक व चालक ने बताया कि रात में उसकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। पुलिस मोबाइल कब्जे में ले लिया है। इस मामले की जांच की जा रही है---वीएस बीर कुमार सिंह, सीओ-सिटी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत
सदर बाजार पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार उसकी हैंगिंग से मौत हुई है। दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मांनीलम देवी, पत्नी निशा देवी है और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बरसात में दीवार गिरने से मलबे में दबकर युवती की मौत, मचा कोहराम
