Muharram 2023 : पूरी शान से उठा हसनू कटरा का कदीमी मेहंदी जुलूस
अंजुमनों और सोगवार शियाओं ने की नौहाख्वानी व सीनाजनी
अयोध्या, अमृत विचार। अपने पुराने परंपरागत तरीके से बेगमगंज गढ़ैया स्थित बनी खानम के मकबरे से मेहंदी का जुलूस मंगलवार देर रात निकला। जुलूस हसनू कटरा चौराहे फकीर मुर्तजा के निवास पर पहुंचा। यह कदीमी मेंहदी का जुलूस अपने आप में अलग अंदाज में निकाला जाता है।
मेंहदी के जुलूस में शहर की कई अंजुमनों ने नौहा ख्वानी और सीनाजनी की। जिसमें अंजुमन हुसैनिया वजीरगंज, अंजुमन बज्में नासिरया इमामबाड़ा, अंजुमन नासिरया रजिस्टर्ड कदीम अंगूरी बाग, अंजुमन इमामिया जफरिया रिकाबगंज, अंजुमन मासूमिया राठहवेली, अंजुमन आबिदिया इमामबाड़ा, अंजुमन अब्बासिया मोती मस्जिद ने अपने-अपने मखसूस अंदाज में नौहाख्वानी और सीनाजनी करते हुए मेंहदी के जुलूस में शिरकत की। इससे पहले मरहूम सादिक हुसैन के निवास पर एक मजलिस का आयोजन किया गया। जहां अंजुमन नासिरया रजिस्टर्ड कदीम और अंजुमन बज्में नासीरिया ने नौहा ख्वानी की और आलम लेकर बनी खनन के मकबरे पहुंचे। मेहंदी का जुलूस रात डेढ़ बजे समाप्त हुआ।
शुजाऊदौला मकबरा में भी उठी कदीमी मेहंदी
मंगलवार शाम फैजाबाद स्थित शुजाऊदौला के मकबरे में कदीमी मेहंदी का जुलूस उठाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जहां मजलिस को खिताब फरमाया डॉ मिर्जा शहाब शाह ने। उन्होंने कर्बला में हुए शहीदों का वाकया बयान किया। जिसे सुनकर लोगों की आंखों में आंसू आ गए। वहीं कदीमी मेहंदी का जुलूस गुलाबबाड़ी परिसर में घूमता हुआ गुलाबबाड़ी के ही इमामबाड़े में समाप्त हुआ।
ये भी पढ़ें -हरदोई में 5 साल के बच्चे के नाक में फंसा नट, चिकित्सक ने निकाला
