Farrukhabad Crime : किसान की धारदार हथियार से हत्या, फसल की रखवाली करने के दौरान वारदात को दिया अंजाम
फर्रुखाबाद में किसान की धारदार हथियार से हत्या।
फर्रुखाबाद में फसल की रखवाली कर रहे किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। मेरापुर थानाक्षेत्र में मंगलवार की रात फसल की रखवाली कर रहे किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
मेरापुर थानाक्षेत्र के गांव बिचोली का रहने वाला राकेश (48 )गांव के ही रामनिवास यादव का खेत बटाई पर किए हुए था। इस खेत में उसने मूंगफली की फसल बो रखी थी। मूंगफली की फसल की रखवाली के लिए वह बीती रात खेत में सो रहा था। इसी दौरान उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पुत्रवधू पुष्पा देवी ने जब बुधवार को खेत मे गई तो अपने ससुर को खून से लथपथ पड़े देख वह चीख पड़ी। उसने परिजनों को सूचना दी।
घटनास्थल पर भारी भीड़ लग गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राकेश के भाई विनोद ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर की गई है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने साख्य जुटाए। अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
