Auraiya: तापमान बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर बढ़ा लोड, अधिकारी बोले- बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए बढ़ाई जा रही क्षमता
औरैया में गर्मी में तापमान बढ़ रहा।
औरैया में गर्मी में तापमान बढ़ रहा। तापमान बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ रहा है। जबकि अधिकारी बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए क्षमता बढ़ाने का दावा कर रहे है।
औरैया, अमृत विचार। गर्मी के साथ अब बिजली की खपत बढ़ने लगी है, लेकिन अभी से शहर के ट्रांसफार्मरों की जान निकलने लगी है। गर्मी में तापमान बढ़ने से शहर में बिजली सुचारू आपूर्ति कराने वाले कई ट्रासंफार्मर ओवरलोड हो गए हैं, जो और गर्मी बढ़ने पर सुचारू आपूर्ति में बाधा डाल सकते हैं। हालांकि विभाग के जिम्मेदार अफसरों का दावा है कि कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को उच्चीकृत किया जा रहा है।
मार्च माह में ही गर्मी ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गर्मी की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। सुबह-शाम भले ही हवा चलने से थोड़ी राहत है लेकिन, दिन में तेज धूप में बढ़ रहा तापमान बिजली आपूर्ति में खलल डालने लगा है। वैसे भी इस बार मौसम वैज्ञानिकों की ओर से अन्य वर्षो की तुलना में अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में मई-जून में भीषण गर्मी में बिजली की खपत और बढ़ना स्वाभाविक है। जबकि अभी से शहरी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था डगमगा रही है।
नगरीय विद्युत वितरण में दो खंड हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार दोनों वितरण खंड में करीब 15 ऐसे ट्रांसफार्मर हैं, जिन पर क्षमता से अधिक भार है। ओवरलोड ट्रांसफार्मर कभी भी दगा दे सकते हैं। विभाग के कर्मचारी अधिकारी भी इससे अनजान हैं। इसलिए इनकी क्षमता वृद्धि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लेकिन, बढ़ी क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने में कुछ समय और लग सकता है।
हर दिन तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। होली के बाद तेज धूप से गर्मी बढ़ी है। हालांकि सुबह-शाम थोड़ी राहत है। लेकिन, दोपहर में धूप पसीना निकाल रही है। पिछले एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है। मौसम वैज्ञानियों का कहना है कि मार्च में अभी तापमान और बढ़ेगा। इसलिए गर्मी से बचने के लिए उपाय करें। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ जैसे शिकंजी, नीबू पानी, लस्सी, छाछ का सेवन करें।
बिजली आपूर्ति बेहतर बनाए रखने के पूरे प्रयास किये जा रहे हैं। शहरवासियों को शैडयूल के अनुसार बिजली आपूर्ति दिये जाने का प्रयास किया जा रहा है। ज्यादा पर ट्रांसफार्मरों का भार बढ़ाने की आवश्यकता होगी, वहां पर उसे बढ़ाया जाएगा।- नेकराज सिंह, एक्सईयन, विद्युत विभाग
