कासगंज: युवक ने खुद को मारी गोली, पड़ोसी को भी लगी, गांव में मची भगदड़
कासगंज, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव अहरोली में बुधवार दोपहर को गोलीकांड की घटना हुई। युवक ने स्वयं को जान से मारने की नियत से खुद पर नाजायज तमंचे से गोली चला दी। गोली पेट से लगती हुई पड़ोस में ही खड़े युवक को जा लगी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। यहां से गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी और सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। साथ ही परिजनों से बातचीत की है। घटना का कारण गृह क्लेश बताया जा रहा है।
गांव अहरोली निवासी 35 वर्षीय कालू पुत्र विक्रम सिंह ने कुछ दिन पहले अपने खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ बेच दिए थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में आए दिन कहासुनी होती थी। बुधवार को भी विवाद हो गया। इस पर कालू अवैध तमंचा निकाल लाया।
गांव के लोग एकत्रित हो गए। उसे समझाने लगे, लेकिन वह नहीं माना और घर के बाहर खड़े होकर उसने स्वयं के पेट में गोली मार ली। गोली पेट से लगती हुई पड़ोस में ही खड़े 18 वर्षीय युवक सुमित के पैर में जा लगी, जिससे उसकी जांघ में गंभीर घाव हो गया। दोनों ही घायल मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए गहन चिकित्सा के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी हरिभान सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। एसपी सौरभ दीक्षित, सीओ सिटी अजीत चौहान भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले में परिजनों से बातचीत की। घटना का सही कारण जानने का प्रयास किया।
दिनदहाड़े चली गोली से भगदड़
दिनदहाड़े गांव में गोली चलने से भगदड़ का माहौल हो गया। विवाद खत्म करने के लिए मौके पर पहुंचे ग्रामीण भी भाग खड़े हुए। लोगों में दहशत का माहौल दिखाई दिया।
ये भी पढे़ं- Kasganj: 'मैं मानसिक रूप से परेशान हूं', बरगलाकर जिलाध्यक्ष पर लगवाए आरोप...जानिए मामला
