पीएम मोदी ने किया ITPO कॉम्प्लेक्स 'भारत मंडपम' का उद्घाटन, पीएम बोले- दिल्ली को मिला एक और भविष्यवादी इंटरनेशनल प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) परिसर का आधिकारिक उद्घाटन ड्रोन के जरिए आईटीपीओ कैम्पस को देश को समर्पित कर दिया है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। इससे पहले उन्होंने यहां पुनर्विकसित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) परिसर में ‘पूजा-अर्चना’ की। उन्होंने परिसर के निर्माण में शामिल मजदूरों से बातचीत की और उन्हें सम्मानित भी किया। 

मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि दिल्ली को एक आधुनिक और भविष्यवादी इंटरनेशनल प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केन्द्र मिला है, जो भारत में सम्मेलन पर्यटन को बढ़ावा देगा, जहां दुनिया भर से लोग आएंगे। केन्द्र के आर्थिक और पर्यटन संबंधी लाभ भी कई गुना होंगे। लगभग 123 एकड़ क्षेत्र के साथ प्रगति मैदान का आईईसीसी परिसर भारत में इस तरह की सबसे बड़ी सुविधा है। इसे 2700 करोड़ रुपये की लागत से एक राष्ट्रीय परियोजना के रूप में विकसित किया गया है। 

भारत की अध्यक्षता में जी20 की शिखर बैठक का सितंबर में आयोजन इसी परिसर में होने वाला है। यह परिसर देश में बड़ी बैठकों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों की मेजबानी के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास के संबंध में मोदी सरकार की सोच का परिणाम बताया जा रहा है। इस परिसर में सम्मेलन केंद्र, प्रदर्शनी हॉल, खुले रंगमंच जैसी कई अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गयी हैं। 

इसके भव्य बहुउद्देश्यीय कक्ष और महाधिवेशन कक्ष की संयुक्त क्षमता सात हजार लोगों की है, जो ऑस्ट्रेलिया के प्रसिद्ध सिडनी ओपेरा हाउस की बैठने की क्षमता से भी अधिक है। एम्फीथिएटर (खुला रंगमंच) 3,000 व्यक्तियों की बैठने की क्षमता से सुसज्जित है। सम्मेलन केंद्र का वास्तुशिल्प भारतीय परंपराओं से प्रेरित है और आधुनिक सुविधाओं और जीवन शैली को अपनाने के साथ-साथ अपने अतीत में भारत के आत्मविश्वास और दृढ़ विश्वास को भी दर्शाता है। 

यह भी पढ़ें- मोदी ने नये बने सम्मेलन-प्रदर्शनी केंद्र में किया हवन-पूजन, श्रमिकों का भी किया सम्मान 

संबंधित समाचार