लखनऊ: जनता दर्शन के दौरान बोले सीएम योगी- जन समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि जन समस्यायों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को पांच कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन में आए 180 लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सबकी समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
#UPCM @myogiadityanath ने आज जनपद लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर 'जनता दर्शन' में आए लोगों की समस्याएं सुनीं।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) July 27, 2023
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने हेतु निर्देश दिए। pic.twitter.com/0WLZ8GIvyh
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही हरगिज ना करें। सीएम योगी एक-एक करके सबके पास खुद गए और सभी की समस्याओं को विस्तार से जाना। उन्होंने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने प्रार्थना पत्रों को विषयानुसार प्रशासन व पुलिस के अफसरों को हस्तगत करते हुए जरूरी निर्देश दिए। जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को इलाज के लिए भरपूर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं भूमि और संपत्ति विवाद के मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजकर जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिये।
यह भी पढ़ें:-नोएडा में ई-रिक्शा में 45 लाख रुपये मिलने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
