उन्नाव: तराई करते समय करंट की चपेट में आकर युवक की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। उन्नाव की पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव निवासी युवक नवनिर्मित मकान की तराई करते समय करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन घरवाले उसे कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां पर भी डाक्टर ने उसकी मौत की पुष्टि की। इसके बाद परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। 

गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार किया। बता दें कि आलोक अवस्थी (40) पुत्र स्व. राजारायण मूल रूप से पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव का निवासी था। लेकिन, वह अपने परिवार के साथ सदर कोतवाली के मोहल्ला एबी नगर में अपने दिवंगत बहन और बहनोई के मकान में भांजे अभिनव के साथ रहता था। गांव में आलोक अपने पैतृक मकान में कमरा बनवाया था। 

बुधवार देरशाम मिस्त्री व लेबरों के जाने के बाद वह कमरे की तराई करने लगा। तभी वह कटे केबल के कारण उतर रहे करंट की चपेट में आकर अचेत हो गया। आनन-फानन उसे सीएचसी फिर जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।  लेकिन परिजन उसे कानपुर के निजी अस्पताल ले गए।

वहां भी डाक्टर द्वारा काफी देर पहले मौत होने की पुष्टि की गई। इसके बाद परिजन शव लेकर एबी नगर चले गए। सुबह भांजे अभिनव शुक्ला की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा घरवालों को सुपुर्द कर दिया। उसकी मौत की सूचना के बाद से पत्नी शिखा बेसुध है। आलोक की मौत से दिव्यांग बेटे उपभ और सात वर्षीय प्रिंस की परवरिश का संकट आ गया है।

यह भी पढ़ें:-कानपुर देहात: प्रेमी युगल ने फंदे से लटक कर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार