बरेली: कंजक्टिवाइटिस का प्रकोप चरम पर, जिला अस्पताल में बनाया जाएगा वार्ड
शहर के लेकर देहात तक हर घर में मरीज आंखें लाल यानि कंजेक्टिवाइटिस की चपेट में
बरेली, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी में आंखों का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अस्पताल में प्रत्येक 10 में से छह मरीज इसी संक्रमण के आ रहे हैं। संक्रमित व्यक्ति से कुछ पल के लिए नजर मिलते ही स्वस्थ व्यक्ति भी इस संक्रमण की चपेट में आ रहा है। घरों से लेकर स्कूल तक प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
डॉक्टरों के अनुसार वायरल कंजक्टिवाइटिस से पीड़ित मरीज को तीन से चार दिन में राहत मिल जाती थी, लेकिन इस वर्ष मरीज को स्वस्थ होने में 15 दिन तक का समय लग रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इसका मुख्य कारण मौसम में हो रहा लगातार बदलाव है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र रोग सर्जन डॉ. डीएन सिंह के अनुसार बीते 15 दिनों से ओपीडी में सबसे अधिक मरीज कंजेक्टिवाइटिस से ग्रसित मिल रहे हैं। वहीं लक्षण मिलने वाले मरीजों की संख्या भी अधिक है। मौसम का गर्म और अचानक ठंडा होना भी मरीजों के जल्द स्वस्थ होने में बाधक बन रहा है।
संक्रमित से दूरी बनाने की सलाह, बनेगा वार्ड
जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि नेत्र ओपीडी 300 बेड अस्पताल में संचालित है। जो भी मरीज ओपीडी में आ रहे हैं, उन्हें सामान्य मरीजों से उचित दूरी बनाने की सलाह दी गई है। वहीं किसी भी मरीज की हालत गंभीर मिलती है तो उसे जिला अस्पताल में अलग वार्ड में भर्ती कर इलाज दिया जाएगा।
कंजेक्टिवाइटिस के लक्षण
- आंखें लाल होकर सूज जाती हैं।
- आंखों से लगातार पानी आता है।
- आंखों में खून के धब्बे भी दिखते हैं।
- पलकों पर सूजन का आना।
- खुजली, दर्द और गड़न।
- तेज रोशनी से तकलीफ होना।
ऐसे बरतें सावधानी
-हाथों की सफाई बार-बार करें।
- पानी से आंखों की सफाई एक दिन में दो से तीन बार करें।
- बार-बार आंखों को न छुएं।
- रुई को गर्म पानी में भिगोकर
- चिपकी हुई पलकों की सफाई करें।
- काले चश्मे का प्रयोग करें।
ये भी पढ़ें-
