Kanpur Dehat: पेशी में माती कचहरी आया कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार, भीड़भाड़ का उठाया फायदा, महकमे में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में पेशी में माती कचहरी आया कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार।

कानपुर देहात में पेशी में माती कचहरी आया कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी कानपुर नगर के मसवानपुर का रहने वाला है। पूर्व में भी पुलिस अभिरक्षा से आरोपी फरार हो चुका है।

कानपुर देहात, अमृत विचार। जिला कारागार से पेशी में आया जानलेवा हमले व पाक्सो का कैदी कचहरी हवालात से पेशी के दौरान सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया। यह दोबारा पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ है। पुलिस कैदी की लगातार तलाश कर रही है। 

कानपुर नगर के मसवानपुर क्षेत्र का रहने वाला पवन गौतम उर्फ गुड्डू जिला कारागार माती में निरुद्ध है। गुड्डू पर अकबरपुर थाना में वर्ष 2021 में दर्ज पॉक्सो एक्ट, जानलेवा हमला, शस्त्र अधिनियम सहित पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के चार मामले दर्ज हैं। सभी मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं। वहीं पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का एक मामला व शस्त्र अधिनियम का मामला सीजेएम कोर्ट की अदालत में विचाराधीन है।

शुक्रवार को आरोपी को सीजेएम कोर्ट में शस्त्र अधिनियम के विचाराधीन मामले में पेशी पर जिला कारागार से लाया गया था। कोर्ट में मामले की सुनवाई के समय आरोपी को पुलिस कर्मी कचहरी हवालात से अदालत ले गए थे। कोर्ट के अंदर भीड़भाड़ का फायदा उठाकर आरोपी सिपाही को चकमा देकर भाग निकला।

आरोपी के फरार होने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल व उच्चाधिकारी कचहरी पहुंच कर आरोपी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस की ढिलाई से फरार हुआ आरोपी

वर्ष 2021 में भी आरोपी पॉक्सो मामले में जेल से पेशी में आने के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इसकी सुनवाई सीजेएम कोर्ट में चल रही है। पहले अभिरक्षा से फरारी की जानकारी के बावजूद पुलिस कर्मियों ने सजगता नहीं बरती। इसी का फायदा उठाकर वह फिर पेशी के दौरान फरार हो गया।

संबंधित समाचार