Kanpur में ब्रजेश पाठक बोले- विपक्ष की संसद चलाने में कोई रुचि नहीं है, यूपी में कांग्रेस का मतलब शून्य है
कानपुर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर कसा तंज।
कानपुरी में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि विपक्ष की संसद चलाने में कोई रुचि नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस का कोई मतलब नहीं, वह शून्य है।
कानपुर, अमृत विचार। विपक्ष की संसद चलाने में कोई रुचि नहीं है। हमारी सरकार लगातार जनता के हित में कार्य कर रही है, विपक्ष का उससे कुछ लेना देना नहीं है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बने हैं। देश का हर नागरिक नरेन्द्र मोदी को अपने अभिभावक के रूप में देख रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के हर नागरिक के सपने साकार करने में प्रयासरत हैं।
यह कहना है डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का। वे शुक्रवार को एक समारोह में शिरकत करने शहर आए हुए थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार का नौ सालों का कार्यकाल सभी देशवासियों के सपने को पूरा करने वाला और देश का विकास करने वाला कार्यकाला है। प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति और राहुल गांधी की पदयात्रा पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का कोई मतलब नहीं है।
कांग्रेस पार्टी शून्य की ओर अग्रसर है। वह जब भी शासन में रहे हैं भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे रहे हैं। यही वजह है कि देश की जनता ने प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को बिल्कुल ढकेलने का काम किया है।
छत्रपति शिवाजी के प्रबंधन के सिद्धांत आज भी हैं प्रासंगिक
छत्रपति शिवाजी को ज्यादातर लोग युद्ध विजेता के रूप में जानते हैं, लेकिन शिवाजी ने अपने जीवन के सवा सात साल युद्ध ही किया था। उन्होंने 28 सालों तक शासन किया था। इस शासन में उनकी ओर से जल सेवा की शुरुआत करने के साथ ही वित्तीय प्रबंधन, कुशल नेतृत्व, नकारात्मकता में सकारात्मकता तलाशना सहित अन्य कुशल प्रबंधन के गुण देखने को मिलते हैं।
यह विचार शुक्रवार को मर्चेंट चेम्बर में आयोजित समारोह में व्यक्त किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठकर रहे। उन्होंने छत्रपति शिवाजी के जीवन पर आधारित नाटक जाणता राजा की वेबसाइट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत की जो आज सांस्कृतिक विरासत कायम हैं वे शिवाजी जैसे ही महापुरुषों की वजह से हैं। छत्रपति शिवाजी ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जो रणकौशल प्रदर्शित किया यही वजह है कि वे आज हम सबके नायक हैं।
उन्होंने केन्द्र सरकार के कार्यों का भी जिक्र किया। कहा कि कोरोनाकाल में मोदीजी के कुशल नेतृत्व का ही कमाल रहा कि लॉकडाउन में एक भी गरीब का चूल्हा ठंडा नहीं पड़ा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यह केन्द्र सरकार की नीतियों का परिणाम रहा जो भारत ने कोरोना का वैक्सीन का लाभ 140 देशों को दिया।
समारोह में जाण्ता राजा नाटक के अखिल भारतीय सह व्यवस्थापक अनिल ओक, अध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल और संयोजक नीतू सिंह ने भी अपने विचार रखे। समारोह में महापौर प्रमिला पाण्डेय्र एमएलसी अरुण पाछक, सलिल विश्नोई, विधायक नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित अन्य मौजूद रहे।
