संतकबीरनगर : चेयरमैन के निरीक्षण में बदहाल मिली गौशाला, जिम्मेदारों को लगाई फटकार
संतकबीरनगर, अमृत विचार। नगरपालिका खलीलाबाद के चेयरमैन जगत जायसवाल ने शुक्रवार को खलीलाबाद शहर स्थित मड़या मोहल्ले की गोशाला का निरीक्षण किया। गोशाले में बंधी गायों को सड़ा हुआ भूसा खाते देख चेयरमैन ने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। गोवंशो को कई दिनों से नहलाया नहीं गया था, गोशाला में चूना और ब्लीचिंग का छिड़काव तक नहीं किया जाता, गोवंश को खाने के लिए चोकर खण्डा आदि नहीं दिया जाता। जिसके चलते तमाम गोवंश बीमारी की स्थिति में मिले। कुछ गोवंश घायल मिले जिनके घाव से खून बह रहा था।
इतनी सारी अवयवस्था देख चेयरमैन जगत जायसवाल कर्मचारियों पर बिफर पड़े। कर्मचारियों से पशु चिकित्सक का मोबाइल नंबर लेकर फोन किया और उन्हें तत्काल मौके पर बुलाकर घायल और बीमार पशुओं के बेहतरीन उपचार करने का निर्देश दिया। गोशाले के ऊपरी तल पर बने धर्मशाले का निरीक्षण करते हुए चेयरमैन ने देखा कि यहां के चार कमरों में कुछ दबंगों ने अपना स्थाई ठिकाना बना लिया है। उन्होंने चेतावनी दिया कि कल सुबह तक सभी कमरे खाली हो जाने चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए चेयरमैन जगत जायसवाल ने बताया कि 7 वर्ष पूर्व मैंने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान इस गोशाले का निर्माण कराया था। गोशाले के ऊपरी तल पर धर्मशाले का निर्माण कराया गया था। धर्मशाले को महज 1100 रुपए के शुल्क पर आम जनता को शादी विवाह और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए 24 घंटों के लिए देने की ब्यवस्था की गई थी। लेकिन लोगों ने इसे अपना स्थाई ठिकाना बना लिया गया है। कल सुबह तक सभी कमरों को खाली कराकर आम जनता के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोशाले में कुल 39 गोवंश रह रहे हैं। उनके लिए बेहद घटिया किस्म का भूसा रखा गया है। साथ में चोकर खण्डा आदि की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही बेहतरीन किस्म का भूसा, हरा चारा, चोकर खण्डा आदि की उपलब्धता करा दी जाएगी।
गोशाले में हरिश्चंद्र, राजवीर और मोहित की तैनाती है। सभी को पूरी निष्ठा से गोवंश की सेवा करने का निर्देश दिया गया है। चेयरमैन ने बताया कि गोशाले के साथ ही गोवंश को स्नान कराने के लिए बगल में ही एक बेहतरीन पोखरे का भी निर्माण कराया गया था। देखरेख के अभाव में पोखरा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उसकी मरम्मत का निर्देश दिया गया है। शीघ्र ही सारी ब्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी जाएंगी।
ये भी पढ़ें -हरदोई में एक दिन के लिए SP बनी छात्रा, सुनीं समस्याएं
