शाहजहांपुर: ऑफिसर्स कॉलोनी में वृद्धा की ईंट से कूचकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव
बेटी ने कहा, ठेकेदार ने मार डाला, तेजाब पिलाने की कोशिश की
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर की ऑफीसर्स कॉलोनी (डीएम कंपाउंड) में गुरुवार की रात सर्वेंट क्वार्टर में रह रही बुजुर्ग महिला की ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। ईंट के वार उसके सिर और चेहरे पर किए गए। बृद्धा की खून से लथपथ लाश मिलने से ऑफीसर्स कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। बेटी पुष्पा ने तेजाब पिलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। आरोप है कि ठेकेदार ने आवास खाली कराने की नीयत से हत्या कर दी है। वह कई बार धमकी दे चुका था। एक दिन पहले भी बांस, बल्ली हटाने को लेकर विवाद हुआ था। एएसपी सिटी, सीओ सिटी ने मौका मुआयना किया। पड़ोसी महिला से पूछताछ की जा रही है।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव ढकिया निवासी 65 वर्षीय विधवा रामबेटी के पति मुन्नू लाल की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसका बेटा मुकेश व दो बेटियां रिंकी व पुष्पा डीएम कंपाउंड के सर्वेंट क्वार्टर में अलग-अलग अधिकारियों के यहां खाना बनाने आदि का काम करते हैं। रामबेटी सर्वेंट क्वार्टर में अकेली रहती थी। गुरुवार की रात दस बजे रामबेटी बेटियों के साथ खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने क्वार्टर में आकर लेट गई। बेटी पुष्पा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे पोते जीतू व अंकुश दादी के पैर छूने गए। दादी को खून से लथपथ देखकर लौट आए और बताया।
दोनों बेटियां भागकर पहुंची और मां की हालत देख चीख पड़ी। चंद मिनटों में ही हत्या की बाद फैल गई और मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतका की बेटी पुष्पा ने ठेकेदार पर क्वार्टर खाली कराने को लेकर विवाद होना बताया। बताया कि गुरुवार को बांस, बल्ली व पन्नी हटाने को कहकर रविंद्र ने क्वार्टर खाली कराने की भी धमकी दी थी। आरोप यह भी है कि हत्या करने से पहले तेजाब पिलाने की कोशिश की गई। पुलिस मामले में पड़ोसी महिला से पूछताछ कर रही है।
डीएम कंपाउंड के सर्वेंट क्वार्टर में बुजुर्ग महिला का शव मिला है, जिसके चेहरे पर वार किए गए हैं। चेहरे पर खून और चोट के निशान मिले हैं। मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी- अशोक कुमार मीणा, एसपी।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: प्रेम-प्रसंग के चलते युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
