प्रतापगढ़ : मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, शेखपुर में खाकी का पहरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंडा/प्रतापगढ़, अमृत विचार। मुहर्रम को लेकर  पुलिस-प्रशासन सतर्क है। हर बार चुनौती बनने वाले शेखपुर आशिक गांव में पुलिस का पहरा है। तीन किमी तक चप्पे -चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है। हालांकि अभी तक माहौल शांत है। 

कुण्डा के शेखपुर आशिक गांव में मुहर्रम के दौरान अतिरिक्त गेट बनाए जाने को लेकर बीते साल विवाद हुआ था। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया के पिता उदय प्रताप सिंह धरने पर बैठ गए थे। इससे प्रशासन को काफी जद्दोजहद करना पड़ा था। इस बार शनिवार को मुहर्रम है। यहां कई ताजिए निकाले जाएंगे। मुहर्रम पर कुछ नया और कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस-प्रशासन पहले से ही सतर्क है। शेखपुर आशिक में मुहर्रम रूट को चार सेक्टर में बांटा गया है। चार इंस्पेक्टर, आठ उपनिरीक्षक, 65 सिपाही संग एक प्लाटून पीएसी लगा दी गई है। दूसरी ओर मुहर्रम का गेट बनाए जाने को लेकर मामला न्यायालय में चल रहा है ऐसे में पुलिस इस बार मुहर्रम का गेट नहीं बनाने दे रही है। एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि मामला न्यायालय में है अगर मुहर्रम का गेट बनाना है तो ताजियादारों को एनएचआई से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रशासन को देना होगा। जिसके बाद ही गेट का निर्माण हो सकता है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से तीन किलोमीटर के दायरे को छावनी बना दिया है।

राजा भइया के पिता उदय प्रताप समेत 13 लोग नजरबंद

कुण्डा के शेखपुर आशिक गांव मुहर्रम पर चर्चा में बना रहता है। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क है। तीन किमी तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात है। उधर डीएम प्रकाश चन्द्र श्रीवास्तव ने राजा भइया के पिता उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को नजर बंद कर दिया है। जिसमें उदय प्रताप के अलावा जितेंद्र सिंह, आनंदपाल, रमाशंकर मिश्र, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह ,हनुमान प्रसाद पांडेय, केसरी नंदन पांडेय जमुना मौर्या, निर्भय सिंह, गया प्रसाद प्रजापति, मोहनलाल, जुगनू विश्वकर्मा शामिल हैं। सभी शुक्रवार की शाम 5:30 से शनिवार की रात 9:30 बजे तक पुलिस की निगरानी में रहेंगे। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि नजरबंद लोगों के घरों पर पुलिस फोर्स तैनात है। माहौल शांतिपूर्ण है।

यह भी पढ़ें : सुलतानपुर बार के अध्यक्ष अरविंद तो सचिव बने आर्तमणि

संबंधित समाचार