जलालाबाद: तीन दिन में रहस्यमयी बुखार से एक ही गांव में सात लोगों की मौत
जलालाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की कीमत क्षेत्रीय लोगों को जान गवांकर चुकानी पड़ रही है बीते तीन दिनों में क्षेत्र में लगभग सात लोगों की मौत हुई है लेकिन स्वास्थ्य महकमा अब भी कुम्भकरणी नींद सोया हुआ है और क्षेत्र में लगातार हो रही मौतों से अनजान बना हुआ है रविवार को …
जलालाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की कीमत क्षेत्रीय लोगों को जान गवांकर चुकानी पड़ रही है बीते तीन दिनों में क्षेत्र में लगभग सात लोगों की मौत हुई है लेकिन स्वास्थ्य महकमा अब भी कुम्भकरणी नींद सोया हुआ है और क्षेत्र में लगातार हो रही मौतों से अनजान बना हुआ है रविवार को एक ही गांव के सात लोगो की तीन दिन में मौत हो जाने की खबर से स्वास्थ्य महकमें में हड़कंप मच गया।
थानाक्षेत्र जलालाबाद के अब्दालपुर अलबेला में एक के बाद एक हुई तीन मौतों की खबर से अब तक क्षेत्रवासी उबर भी नही पाए थे कि ग्राम चंदौरा बहादुरपुर की 60 वर्षीय रामवती की बुखार से मौत हो जाने की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया बुखार से मौत की सूचना पर जब मीडियाकर्मी गांव पहुंचे तो गांव के हालात देख सभी की रूह कांप गई क्योंकि पिछले तीन दिनों में गांव मे फैला रहस्यमयी बुखार 7 जिंदगियो को मौत के मुंह मे धकेल चुका था।
दर्जनों अन्य लोग रहस्यमयी बुखार से गंभीर रूप से पीड़ित थे इसके अलावा 125 से भी ज्यादा लोग बुखार व अन्य बीमारियों का दंश झेलते हुए मिले ग्रामीणों ने बताया कि रविवार को रामवती (60) के रूप में लगातार सातवीं मौत हुई है इससे पहले श्रीकृष्ण (55), उनकी बहू साधना (27), विपिन (17), चमेली (65) व दो अन्य लोगों की मौत हो चुकी है लगातार हो रही मौतों से ग्रामीणों में खौफ है और पलायन की तैयारी में लगे हैं।
साधना भी बुखार से हो रही मौतों के डर से अपने मायके मऊ जा रही थी लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जबकि आस पड़ोस के झोलाछापों से दवा लेकर काम चला रहे हैं। गांव मे लगभग 125 से भी ज्यादा ग्रामीण रहस्यमयी जानलेवा बुखार से जंग लड़ रहे हैं और दर्जनों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्राम प्रधान विद्यावती ने बताया कि गांव में बुखार को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सूचना देकर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराया था जिसमे मदनापुर सीएचसी चिकित्साधीक्षक डॉ0 अजय भारती ने कैंप लगाकर 100 से ज्यादा लोगों को देख कर दवा वितरण कराया इसके अतिरिक्त 25 लोगो का कोविड और 45 लोगो का एंटी मलेरिया रैपिड टेस्ट करने के साथ उनकी स्लाइड भी बनाई गई है जिनमें एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि सभी एन्टी मलेरिया रैपिड टेस्ट निगेटिव आए है।
डॉ भारती ने बताया कि सभी मरीजो की जागरूकता के अभाव में अलग अलग कारणों से मौत हुई है गांव मे आशाओं से सर्वे कराया जा रहा है उसके बाद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर गांव मे फैली बीमारियों पर जल्द से जल्द काबू पा लिया जाएगा।
