रामपुर: ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 7 कांवड़िए जख्मी, मचा कोहराम
रामपुर/शाहबाद, अमृत विचार। हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे ट्रैक्टर ट्रॉली सवार कांवड़ियों को देर रात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सात कांवड़िए जख्मी हो गए। इनमें गंभीर रूप से घायल पांच कांवड़ियों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर रामपुर रेफर कर दिया। सूचना पर सीओ केएन आनंद भी अस्पताल पहुंच गए।
बरेली जिले की आंवला तहसील क्षेत्र के गांव बझेड़ा के कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार गंगाजल लेने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रालियां लगी हुई थीं। रात करीब ग्यारह बजे शाहबाद पहुंचने पर ईदगाह के निकट शाहबाद की ओर से जा रहे ट्रक ने आगे चल रहे दूसरे वाहन से ओवरटेक करते वक्त उनकी पीछे वाली ट्राली में साइड मार दी।
हादसे में पिछली ट्रॉली में सवार अट्ठारह वर्षीय मनोज मौर्य पुत्र रघुराज, अट्ठारह वर्षीय संजय शर्मा पुत्र ओमपाल, सोलह वर्षीय सचिन पुत्र सौदान, सत्तर वर्षीय महिपाल, सोलह वर्षीय अंकुर पुत्र धीर सिंह, हंसराज और तिलक सिंह जख्मी हो गए। इसके बाद आगे वाली ट्रॉली में सवार कांवड़ियों में कोहराम मच गया। वे सभी उतरकर पीछे पहुंचे तो सातों खून में लथपथ थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। श्रद्धालु हंसराज और तिलक सिंह के अलावा पांचों घायलों को शाहबाद सीएचसी में पहुंचाया। जहां से उन्हें रामपुर रेफर करना पड़ा। सीओ केएन आनंद सीएचसी पहुंच गए। उन्होंने घायलों का हाल जाना। पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कांवड़ियों के साथ हादसा हो गया था। ट्रक और चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। - कीर्ति निधि आनंद, सीओ शाहबाद
ये भी पढे़ं- रामपुर में ताजिया के जुलूस के दौरान फायरिंग, मची भगदड़ में पांच घायल...जानिए गोली चलने की वजह
