मुरादाबाद : जिले में राजस्व विभाग के 452 तालाबों में से 118 बन रहे अमृत सरोवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उपलब्धि  : भगतपुर टांडा विकास खंड में सर्वाधिक 24, कुंदरकी में 21, डिलारी और ठाकुरद्वारा में हैं 20-20 अमृत सरोवर

भदासना ग्राम पंचायत का अमृत सरोवर।

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी परियोजना अमृत सरोवरों को विकसित करने में पिछले वित्तीय वर्ष में तेजी से कार्य हुआ। हालांकि वर्तमान वित्तीय वर्ष में नया अमृत सरोवर का लक्ष्य नहीं लिया गया है। महात्मा गांधी नरेगा योजना के अन्तर्गत जिले में राजस्व विभाग के 452 तालाबों में से 118 अमृत सरोवर बन रहे हैं। इसमें से 111 अमृत सरोवरों का काम पूरा हो  चुका है। 

राजस्व विभाग के आंकड़े के अनुसार भगतपुर टांडा में 42 तालाब हैं। इसमें से 24 को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिसमें 20 के काम पूरे हो चुके हैं। जबकि कुंदरकी में 21 अमृत सरोवर पूरे हो चुके हैं। बिलारी में 6 में से 5, छजलैट में 17 में सभी, डिलारी में 20 में से 19 का काम पूरा हो चुका है। मुरादाबाद सदर ब्लॉक में 21 तालाबों में से सिर्फ 2 को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया गया। मूंढापांडे में 8 में से 7, ठाकुरद्वारा में 20 में सभी का काम पूरा हो चुका है।

भदासना अमृत सरोवर का मुख्य सचिव कर चुके हैं निरीक्षण
मूंढापांडे विकास खंड के भदासना ग्राम पंचायत में बने अमृत सरोवर का निरीक्षण मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने भी अपने भ्रमण के दौरान किया था। उन्होंने अधिकारियों के साथ मोटरबोट से सरोवर में भ्रमण किया था। उन्होंने इसकी सराहना की थी।

अमृत सरोवरों के विकास का काम तेजी से चल रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में चयनित 118 में से 111 अमृत सरोवर को विकसित करा दिया गया है। शेष 7 का काम भी जल्द पूरा होगा।  यह कार्य महात्मा गांधी नरेगा योजना के अन्तर्गत चल रहा है। -सतीश प्रसाद मिश्र, परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: सुप्रीम कोर्ट का आदेश लेकर अलीपुर सेशन कोर्ट पहुंची हसीन जहां, जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार