पीलीभीत: चाट पकौड़ी के ठेले पर काम करते वक्त जंजीर से बंधा मासूम..जानिए क्या है मामला
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। इन दिनों एक वायरल वीडियो काफी चर्चा में है। जिसमें एक किशोर के पैर में जंजीर पड़ी है और वह चाट पकौड़े की दुकान चला रहा है। यह आलम तक है जब बालश्रम रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट है।
मगर इस किशोर की तरफ उन प्रशासनिक अफसरों की भी नजर नहीं पड़ती। हालांकि कुछ ग्रामीणों का कहना था कि यह बच्चा लोगों के साथ शरारत करता है। इसीलिए ऐसी सजा दी जा रही है। वायरल वीडियो में बताया है कि पूरनपुर क्षेत्र के एक गांव का 13 वर्षीय मासूम अपने पिता के साथ चाट पकौड़ी का ठेला लगाता है।
कुछ लोगों ने बताया कि इसका पिता अधिक पीता है। वही इसे जंजीर से बांधकर दुकान चलाने के लिए छोड़ जाता है और खुद निकल जाता है। पूरे दिन किशोर जंजीरों से बंधकर ठेला चलता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, तो पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस को किशोर जंजीरों से ताला लगाकर बंधा मिला। पूछताछ में उसने बताया गया कि चाट पकौड़ी बिक्री करने के लिए उसे मजबूर किया जा रहा है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह बच्चा शरारती है। घटनाक्रम में स्थानीय पुलिस और अन्य विभाग को शिकायत की गई है। घुंघचाई थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच करा रहे हैं।
