बाराबंकी में रोडवेज कंडक्टर को यात्री ने जमकर पीटा, कैश लूटने का प्रयास
फतेहपुर/ बाराबंकी अमृत विचार। बाराबंकी से हेतमापुर जा रही रोडवेज बस के परिचालक को एक यात्री ने अभद्रता करने के साथ जमकर मारपीट की। उसके बाद कैशबैग और टिकट मशीन छीनकर भागने का प्रयास किया। भारी शोरगुल सुनकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिचालक ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामला देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरवापुर निवासी बृजमोहन बाराबंकी डिपो में परिचालक पद पर कार्यरत है। रविवार की सुबह बाराबंकी से हेतमापुर जाने वाली रोडवेज बस को लेकर निकला था। एक युवक द्वारा फतेहपुर का टिकट लिया गया छुट्टे पैसे ना होने के कारण परिचालक ने बकाया पैसे टिकट के पीछे लिख दिया फतेहपुर बस स्टाप पहुंचने के बाद परिचालक ने जब युवक से टिकट मांगा तो युवक परिचालक में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपी युवक ने परिचालक को मारा-पीटा कैशबैग व टिकट मशीन छीनने का प्रयास किया। बस में मौजूद यात्रियों ने जब हस्तक्षेप किया तो युवक मौके से फरार हो गया।
पीड़ित परिचालक ने घटना की जानकारी कोतवाली फतेहपुर में देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सुधीर यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें -बहराइच: ओवर ब्रिज से कूदकर युवक ने दी जान, नहीं हो सकी पहचान
