बिजनौर: गंगा जल लेने जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों की मौत
हरिद्वार के श्यामपुर के पास हादसा, दोनों ठेका सफाई कर्मचारी थे
नगीना( बिजनौर), अमृत विचार। नीलकंठ से गंगा जल लेने जा रहे बाइक सवार ठेका सफाई कर्मचारियों की हरिद्वार में श्यामपुर के पास उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की चपेट में आकर मौत हो गई। दोनों रविवार दोपहर घर से नीलकंठ के लिए निकले थे।
नगर के मोहल्ला लोहारी सराय वाल्मीकि बस्ती निवासी आशीष वाल्मीकि पुत्र संजय कुमार (23) और उसका साथी राजीव कुमार नगर पालिका परिषद नगीना में ठेका सफाई कर्मचारी के पद पर कार्य करते थे। राजीव कुमार अपने मामा स्व. केशु वाल्मीकि के यहां रह रहा था। दोनों दोस्त रविवार सुबह नील कंठ जाने के लिए बाइक से निकले। दोपहर 2.30 बजे जब वह हरिद्वार में श्यामपुर के पास पहुंचे तभी उनकी बाइक उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर परिजन भी हरिद्वार पहुंच गए। सोमवार दोपहर आशीष का शव उसके पैतृक निवास नगीना पहुंचा। जबकि परिजन राजीव का शव उसके पैतृक निवास कांठ ले गए। आशीष का शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आशीष का अंतिम संस्कार कोतवाली मार्ग स्थित श्मशान घाट में किया गया। वही, नगर पालिका में शोक प्रस्ताव पारित कर सोमवार को सफाई कार्य प्रभावित रहा।
शव यात्रा में अनूप वाल्मीकि, मैमल, कपिल पवार, रणवीर सिंह, संदीप वाल्मीकि, जितेंद्र कुमार, श्यामसुंदर, रोहित कुमार, राजकुमार, धीरज कुमार, अतुल कुमार, सुन्दर लाल, सुरेश कुमार, महेश उर्फ दारा सिंह, मुकेश कुमार, प्रह्लाद कुशवाह, भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज विश्नोई समेत समाज के सैकड़ों लोग शामिल रहे।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर : पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
