गोंडा : युवक को मरणासन्न कर फरार हुए कार सवार दबंग
करनैलगंज/ गोंडा, अमृत विचार। कार सवार अज्ञात दबंगों ने एक युवक को मारपीट कर मरणासन्न कर दिया। उसके बाद मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया जहां स्थिति नाजुक देखकर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना सोमवार देर शाम की है। कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत परसपुर रोड पर सरयू बालिका जाने वाले मार्ग के पास बेखौफ कार सवार दबंग उतरे और अकेले व्यक्ति को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। जिससे वह मरणासन्न स्थिति में गिर पड़ा। जब तक आस-पास के लोग दौड़ते तब तक हमलावर फरार हो गए। लोगों इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। जिस पर इंस्पेक्टर गोविन्द कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित युवक की पहचान अशोक यादव (38) पुत्र मुन्नालाल यादव निवासी ग्राम चंगेरिया के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें -‘मेरी माटी मेरा देश’ कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियां शुरू
