Jalaun News: फर्जी निकला गोलीकांड, पति ने स्वयं मारी थी गोली, पत्नी ने लिखाई थी रिपोर्ट, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
जालौन में गोलीकांड फर्जी निकला।
जालौन में गोलीकांड फर्जी निकला। पति ने खुद ही गोली मारी थी। जबकि पत्नी ने रिपोर्ट लिखाई थी। पुलिस ने तीन को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।
जालौन, अमृत विचार। आटा क्षेत्र में बीती 11 जुलाई को हुआ गोलीकांड काफी सुर्खियों में रहा था। घायल युवक की पत्नी ने नाम दर्ज एफआईआर की थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच की तो हकीकत ही बदली हुई नजर आई। दूसरों को फंसाने के लिए किया गया प्रयास स्वयं के गले की फांस बन गया। गोलीकांड फर्जी निकला। विरोधियों को फंसाने के लिए युवक ने स्वयं ही गोली मार ली थी। अब पुलिस ने फर्जीवाड़ी में तीन को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने इस बात का खुलासा किया।
जानकारी के मुताबिक आटा थाना क्षेत्र में बीती 11 जुलाई को गोलीकांड हुआ था। वीरेंद्र निवासी ग्राम हरचंदपुर थाना कदौरा हाल निवासी सपा कार्यालय के पास पटेल नगर उरई घायल हो गया था। जिसकी शिकायत आटा थाने में उसकी पत्नी अनीता ने पुलिस से की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
इस मामले के खुलासे के लिये कालपी सीओ के नेतृत्व में आटा थाना पुलिस के साथ, एसओजी, सर्विलांस टीम को लगाया गया था। टीम ने जांच की तो हकीकत कुछ और ही निकली। वीरेंद्र ने अपनी पत्नी अनीता और दो अन्य साथी मनोज कुमार निवासी चंदरसी थाना कदौरा तथा सोनू के साथ मिलकर अपने विरोधियों को फंसाने के लिए स्वयं को गोली मारी थी।
इस मामले में वीरेंद्र उसकी पत्नी अनीता तथा मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया। सोनू की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। आरोपयों के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा तथा एक खोखा बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने दूसरों को फंसाने के लिए यह कुचक्र रचा था। इसीलिए इन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
