अयोध्या: ध्वस्तीकरण को लेकर ककराही समेत चार बाजारों के व्यापारियों में हड़कंप, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तारुन, अयोध्या, अमृत विचार। प्रस्तावित चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण की जद में आ रहे करीब दो किलोमीटर के परिधि के प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के कारोबारियों और लोगों में भी मकान व दुकानों के उजड़ने का खतरा मंडराने लगा है। पुन: शुरू हुए सर्वे को लेकर तारुन ब्लाक के ककराही, नेतवारी, चतुरपुर व ऊंचगांव के सड़क के किनारे बसे व्यापारियों में खलबली मच गई है। 
 
बता दें कि एनएचआई बस्ती यूनिट के जेई बालगोविंद की संयुक्त टीम के शैलेन्द्र पाण्डेय घनश्याम और अजित सिंह ने ककराही व केशरूवा चौराहा होते हुये ऊँचगाव तक पिपरी चनहा मार्ग के दक्षिण तरफ बने मकानों की नापजोख कर निशादेही कर रहे हैं। जिसे लेकर लोगों में  मकान गिरने का खौफ समा गया  है। एनएचआई के अवर अभियंता बालगोविन्द श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व ठेकेदार द्वारा किए गए सर्वे में बड़ी खामियां पाई जा रही हैं। जिससे टीम फिर मकानों का सत्यापन व चिह्नांकन कर रही हैं। 

धर्म प्रकाश वर्मा, जानकी वर्मा, राम जनम, साहू, राम नाथ वर्मा, शरद चंद्र शुक्ला, बब्लू मिश्रा, बब्लू शुक्ला, नित्यानंद गुप्ता, हरीराम सिंह सुनील गौड़, केदारनाथ विश्वकर्मा  ने मुख्यमंत्री से मकानों व दुकानों को गिराने से बचाने की गुहार लगाई है। लोगों का कहना है कि सर्वे पहले भी गलत किया गया था और अब भी मनमानी की जा रही है। जो आवास और दुकानें काफी अंदर हैं उन्हें भी नाप दिया जा रहा है। जिसे लेकर सभी परेशान हैं। 

इन इलाकों से होकर बनेगा 84 कोसी परिक्रमा मार्ग 
84 कोसी परिक्रमा मार्ग पड़ोसी जनपद बस्ती के मखधाम मखौड़ा विशेश्वरगंज, दुबौलिया होते हुये सरयू नदी पार कर श्रृंगि ऋषि आश्रम शेरवाघाट आने वाले श्रद्धालुओं के लिये एनएचआई सरयू पर पुल बनायेगा। साथ ही टांडा-मया मार्ग पर महबूबगंज बाजार में और गोसाईगंज अंकारीपुर के निकट रेलवे लाइन पर व अंबेडकरनगर-अयोध्या मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण करायेगा। 

वहीं तमसा नदी पर भी 84 कोसी परिक्रमा के लिए पुल का निर्माण कराया जायेगा। 84 कोसी परिक्रमा पथ पर पुल बन जाने से इलाहाबाद से आने वाले लोगों को बस्ती, सिद्धार्थ नगर, गोरखपुर, कुशीनगर आदि स्थानों पर आवागमन के लिए सुगमता होगी।

ये भी पढ़ें -बहराइच: छुट्टा मवेशियों से परेशान ग्रामीण अनशन पर बैठा, तहसील प्रशासन में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार